भोपाल से बीजेपी उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने दिग्विजय सिंह को आतंकी कहने वाले अपने बयान पर अपना यू-टर्न ले लिया है। शुक्रवार को संघ कार्यालय समिधा में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद बाहर निकलीं साध्वी प्रज्ञा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने कभी भी दिग्विजय सिंह को आतंकी नहीं कहा। सूत्र बताते हैं कि, संघ ने साध्वी को थोड़ा शांत रहने कि सलाह दी है।

ऐसे में ये माना जा रहा है कि साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का ये यू-टर्न संघ और संगठन की नसीहत का नतीजा है। आपको बता दें कि बीते गुरुवार को ही सीहोर जिले में एक सभा को संबोधित करते हुए साध्वी प्रज्ञा ने दिग्विजय सिंह के लिए ‘आतंकी’ शब्द का इस्तेमाल किया था। चुनाव आयोग ने भी इस मामले पर संज्ञान लिया है।

 

बता दें कि अपने चुनाव अभियान के दौरान साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कांग्रेस नेता और प्रत्याशी दिग्विजय सिंह का नाम लिए बिना जमकर निशाना साधा।साथ ही प्रज्ञा ठाकुर ने कहा था कि ‘ऐसे आतंकी का समापन कीजिए।’

सांसद आलोक संजर ने ATS को कुत्ता कहा

दूसरी तरफ बीजेपी नेता लगातार अमर्यादित नज़र आ रहे हैं। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से सांसद एवं भाजपा नेता आलोक संजर ने आतंकवाद निरोधक दस्ता को ‘कुत्ता’ कहा है। एक वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में आलोक संजर एटीएस को कुत्ता कहते हुए नजर आ रहे हैं। पूर्व सांसद आलोक संजर भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर का प्रचार कर रहे हैं, इसी प्रचार प्रक्रिया के दौरान उन्होंने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर की मौजूदगी में यह बयान दिया। उन्होंने कहा कि ‘हमारे बीच में दीदी आई है, जिन्हे कुत्तों ने एक साल नहीं, दो साल नहीं पूरे 9 साल जेल में रखा।’

बता दें कि एटीएस चीफ हेमंत करकरे को देशद्रोही एवं अधर्मी बताने के बाद भाजपा ने ना केवल इसे उनका निजी बयान बताया था बल्कि लिखित बयान जारी कर यह भी कहा था कि भाजपा एटीएस चीफ हेमंत करकरे को शहीद मानती है एवं उनका सम्मान करती है। इसके बाद प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर ने अपना बयान वापस ले लिया था। आलोक संजर ने एक बार फिर उस बात को हवा दे दी है।

Adv from Sponsors