shahnawaz-hussain-rahul-gandhi

भाजपा के रष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस पर धर्म के नाम पर देश को बांटने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राहुल धर्म के नाम राजनीति कर समाज में विभेद पैदा करना चाहते हैं। शाहनवाज ने कांग्रेस से कई सवालों के जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बताएं कि क्या वो शरिया कानून पर तैयार हैं, सेना के पराक्रम पर अपने नेताओं के साथ हैं।

यह भी बताना चाहिए कि कांग्रेस के शासन में मुसलमान पिछड़े क्यों रहे ? उन्होंने कहा कि साठ साल तक देश पर राज करने वाली कांग्रेस को सरकार चलाते वक्त मुसलमानों की याद नहीं आती, लेकिन चुनाव सामने आता है तो कांग्रेस और राहुल गांधी को मुसलमान नजर आने लगते हैं।

गुजरात चुनाव के समय वे मंदिर-मंदिर भटक रहे थे। कांग्रेस शुरू से ही इस तरह का राजनीतिक हथकंडा अपनाती है। हुसैन ने कहा कि कांग्रेस के शासन में बुनकरों को बिजली नही दी गई। भाजपा की सरकार आने के बाद बुनकरों को बिजली मुहैया करायी गई पर सम्मेलन राहुल गांधी कर रहे हैं। शाहनवाज ने मोदी सरकार की खूब तारीफ करते हुए कहा कि अल्पसंख्यकों का नरेंद्र मोदी पर बढ़ते विश्वास को देखते हुए कांग्रेस घबरा गई है।

Adv from Sponsors