साथियों नमस्कार, हमारे ट्रुथसीकर मित्र सुनील सरदार ने रात को 11 बजे के आसपास ही श्रीमती सोनिया गांधी जी की ‘Belonging’ शीर्षक से लिखित आत्मकथा किताब को अमेज़न पर बुक करने का मैसेज मुझे भेजा था। और मैंने अभी-अभी इस किताब को रिसीव किया है। हालांकि इसके पहले डॉ.राम पुनियानी ने भी ईमेल पर डिजिटल कॉपी शेयर की है, लेकिन मैं डिजिटल मैटर एक-दो पन्नों से अधिक पढ़ नहीं सकता। इसलिए हार्ड कॉपी को पढ़ने के बाद ही अपने तरीके से अवश्य लिखूंगा।

लेकिन सोनिया गांधी की आत्मकथा के शीर्षक ‘Belonging’ को लेकर सभी तरह के मीडिया जगत में यही टाइटल क्यों दिया है, इस पर उल्टी-पुल्टी बहस छिड़ी हुई है। उसे देखकर ही सबसे पहले मुझे लगा कि क्यों न मैं सोनिया गांधी ने इस शीर्षक को क्यों चुना होगा, इस पर मेरे आकलन को शेयर करूं? इसलिए मुझे ज्यादा जरूरी लग रहा है। पूरी किताब को लेकर तो पूरी किताब पढ़ने के बाद अवश्य लिखने का मन है।

क्योंकि मेरी और सोनियाजी की उम्र में सिर्फ सात साल का फर्क है। वह (9 दिसंबर 1946 में) पैदा हुई हैं और मैं (25 दिसंबर 1953 में)। लेकिन मेरे सार्वजनिक जीवन की शुरुआत होने के और उनके भारतीय भूमि पर बहू बनकर आने का समय लगभग एक ही है। वह (25 फरवरी 1968 में) राजीव गांधी के साथ विवाह करने के बाद भारत में आई हैं और मेरी भी उम्र 1968 में पंद्रह साल की रही है। मैं उस समय धुलिया जिले के शिंदखेड़ा के राष्ट्र सेवा दल के शाखानायक के रूप में देश-दुनिया की परिस्थितियों को देखने-समझने की शुरुआत उसी के आसपास की है।

मेरे राष्ट्र सेवा दल के शाखानायक होने के दौरान ही अमेरिका के अश्वेतों के नेता डॉ. मार्टिन लूथर किंग 39 साल की उम्र में मेम्फिस, टेनेसी में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को समर्थन देने के लिए गए थे। और जेम्स अर्ल रे नाम के आदमी ने लॉरेन मोटल की दूसरी मंजिल की बालकनी से 4 अप्रैल 1968 के दिन शाम के छह बजे के आसपास गोली मार दी थी। और एक घंटे के बाद उन्हें गंभीर रूप से जख्मी स्थिति में ही अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।

यह घटना मुझे याद रहने का कारण राष्ट्र सेवा दल ने उस साल का कैलेंडर उनकी तस्वीर तथा उनके नेतृत्व में अमेरिका में रंगभेद के खिलाफ चल रही लड़ाई—जो बीसवीं शताब्दी के सत्तर के दशक में भी चल रही थी—और उस लड़ाई के नेता डॉ. मार्टिन लूथर किंग के आदर्श महात्मा गांधी जी थे, यह सब हमारे उस कैलेंडर पर छापा गया था। और हमने शिंदखेड़ा के घर-घर पर जाकर उस एक रुपया के कैलेंडर की बिक्री करने का प्रयास किया है, और शायद हमने रिकॉर्ड ब्रेक कैलेंडरों की बिक्री की है। इसलिए मुझे सोनियाजी का भारत में आने का वही 1968 साल भी याद है।

शिंदखेड़ा में हाईस्कूल की पढ़ाई के लिए आने के पहले, मैं मेरे जन्मगाँव मालपुर-कासारे के जीवन शिक्षण शाला में प्राथमिक स्कूल की शिक्षा के दौरान शायद पांचवीं कक्षा में प्रथम बार ही अंग्रेजी विषय को भी पढ़ाने की शुरुआत की गई थी। राजाराम बोरसे नाम के अंग्रेजी के शिक्षक ने ‘Belonging’ इस एक ही शब्द को लेकर जो उद्बोधन किया था, वह मुझे सोनिया गांधी की किताब के इस शीर्षक को देखकर दोबारा साठ सालों के पश्चात भी हूबहू याद आ रहा है।

इसका मतलब अपनापन, संबद्धता, रिश्ता या किसी समूह या स्थान का हिस्सा होने का भाव महसूस होना, या किसी समूह, परिवार या जगह से जुड़ने और स्वीकार किए जाने की भावना, हिस्सा होना। उन्होंने आगे भी कहा था कि हमें हमारे घर-परिवार को लेकर जिस तरह से लगाव रहता है, वैसे ही हमारे गाँव,हमारे राज्य तथा देश के प्रति भी होना चाहिए। इसी को अंग्रेजी में Belonging कहा जाता है। आपको किसी भी चीज के प्रति इस तरह का भाव होना चाहिए कि यह मेरा अपना है, और इसलिए मुझे इसका ध्यान रखना है। उन्होंने आगे जाकर कहा कि तभी आप उसके प्रति उतने ही जिम्मेदारी से व्यवहार करते हो, इसी को Belonging कहते हैं।

और यह मतलब मेरे जेहन में ऐसा बस गया था कि मुझे राष्ट्र सेवा दल के बारे में इतनी कम उम्र में भी जबरदस्त इन्वॉल्वमेंट हो गई थी—यही मेरी दुनिया है। इसलिए मेरा पढ़ाई करने में सिर्फ पास होने के हिसाब से ही मार्क्स मिलने चाहिए, यही देखकर मैं आखिर तक पढ़ाई करता रहा। मेरी 11वीं मैट्रिक की मार्कशीट तथा कॉलेज की फाइनल की मार्कशीट उसके प्रमाण हैं, क्योंकि मुझे अन्य पुस्तकों तथा गंभीर पत्र-पत्रिकाओं का अध्ययन करने के लिए समय जो चाहिए था। मेरे सभी सहपाठियों की राय थी कि तुम इतना अच्छा बोलते-लिखते हो, तो तुम अपने पाठ्यक्रम की भी जमकर पढ़ाई करोगे तो मेरिट में पास हो सकते हो। लेकिन मेरा तो Belonging का भाव राष्ट्र सेवा दल के प्रति अधिक मात्रा में जो था।

सोनियाजी का भी ‘Belonging’ यह शीर्षक देने का उद्देश्य भी यही होगा। क्योंकि 21 मई 1991 के दिन श्रीपेरुम्बुदुर में एक आत्मघाती बम हमले में उनके पति श्री. राजीव गांधी की मौत होने के दौरान देश के कार्यकारी प्रधानमंत्री श्री. चंद्रशेखर थे और देश में मध्यावधि चुनावों का प्रचार चल रहा था। उसी चुनावी सभा में राजीव गांधी और अन्य लोगों की आत्मघाती बम ब्लास्ट की वजह से मृत्यु हो गई थी। उसके बाद के चुनाव प्रचार में राजीव गांधी की मौत की वजह से सहानुभूति निर्माण होने की वजह से ही कांग्रेस को 232 सीटें प्राप्त हुई थीं, और पंजाब की 12 लोकसभा की सीटें मिलाकर 244 कांग्रेस के ही सबसे बड़े दल के नेता के रूप में श्री. पी. वी. नरसिम्हा राव 1991 से 1996 तक प्रधानमंत्री बने थे। (1984 के चुनाव के बाद 2014 तक भारत के तीस वर्ष के संसदीय क्षेत्र में किसी भी एक राजनीतिक दल के लोकसभा में अपने दम पर पूर्ण बहुमत प्राप्त नहीं करने की वजह से ही तीस वर्ष तक भारत में मिली-जुली सरकारों का ही दौर रहा है।)

सोनिया गांधी खुद अपने दोनों बच्चों की सुरक्षा की वजह से लगभग सात साल तक राजनीति से दूर थीं। लेकिन कांग्रेस के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं की लगातार मांग चल रही थी कि कांग्रेस का नेतृत्व सोनिया गांधी ने करना चाहिए, इसलिए वह 1997 में पहली बार कोलकाता कांग्रेस के अधिवेशन में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण करने के बाद सक्रिय राजनीति में आईं। और 14 मार्च 1998 को कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद हुए लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के अमेठी और कर्नाटक के बेल्लारी लोकसभा में उन्होंने भाजपा की राष्ट्रीय स्तर की नेत्री सुषमा स्वराज को हराया था, तथा दोनों जगहों से चुनाव जीतने के बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश के अमेठी से लोकसभा सीट को रखते हुए बेल्लारी सीट से इस्तीफा दे दिया था।

1998-99 में सोनिया गांधी के सक्रिय राजनीति में आने और कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद, मई 1999 में तीन वरिष्ठ कांग्रेस के नेताओं—जिसमें शरद पवार, पी. ए. संगमा तथा तारिक अनवर के हस्ताक्षर से लिखे गए संयुक्त पत्र में साफ शब्दों में लिखा गया था कि “देश के राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति तथा प्रधानमंत्री इन तीनों सर्वोच्च संवैधानिक पदों पर केवल भारतीय मूल (भारत में जन्म होने वाले नागरिक) के नागरिक के लिए ही सुरक्षित रहने चाहिए।” इस मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी के वर्किंग कमिटी (CWC) के भीतर धमासान मच गई थी, और इन तीनों नेताओं को पार्टी से छह साल के लिए निलंबित कर दिया गया। उसके बाद उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का 10 जून 1999 के दिन गठन किया था।

राजीव गांधी की हत्या के सात साल बाद मार्च 1998 में सोनिया गांधी ने जब भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की कमान संभाली, इसी के साथ विपक्षी दलों (विशेष रूप से भाजपा) ने उनके इटली में जन्म होने के मुद्दे पर हंगामा खड़ा करने का बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाना शुरू कर दिया था, जिसमें भाजपा के नेताओं को बड़ा मुद्दा मिल गया था। और उसमें सबसे मुखर लोगों में सुब्रमण्यम स्वामी, सुषमा स्वराज, उमा भारती, जॉर्ज फर्नांडिस जैसे विपक्षी नेताओं को देखकर ही शरद पवार और उनके साथ दोनों नेताओं ने आने वाले लोकसभा तथा विधानसभा के चुनाव में कांग्रेस के लिए सोनिया गांधी के विदेशी मूल होने के मुद्दे पर शायद कांग्रेस पार्टी हारने की संभावना को देखकर ही उन्होंने इस मुद्दे पर आवाज उठाई थी।

क्योंकि शरद पवार ने अपने साठ साल के राजनीतिक जीवन यात्रा में हमेशा ही चुनाव जीतने के मुद्दे को अहमियत दी है। उदाहरण के लिए, महाराष्ट्र के 1990 के विधानसभा चुनाव में हितेंद्र ठाकूर तथा पप्पू कलानी नाम के दो विवादस्पद उम्मीदवारों को टिकट देने को लेकर तत्कालीन मुख्यमंत्री शंकरराव चव्हाण ने कांग्रेस पार्लियामेंट बोर्ड की बैठक में इन दोनों के क्रिमिनल रिकॉर्ड को देखकर इन्हें टिकट देने का विरोध किया था। जिसमें अकेले शरद पवार ने कहा कि दोनों भले ही माफिया होंगे, लेकिन उनका चुनाव जीतकर आने का मेरिट देखते हुए, पार्टी को अगर विधानसभा में बहुमत चाहिए तो उनके चुनाव जीतने के मेरिट को देखकर उन्हें टिकट देना चाहिए, और दिया भी गया था। और सचमुच दोनों विधानसभा में 1990 का विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान जेल में बंद रहते हुए जीतने के बाद विधानसभा बैठे थे। शरद पवार की 60 साल से चल रही राजनीति करने की यही परंपरा चल रही है,इसलिए वह नैतिकता के मामले में हमेशा ही समझौता करते आए हैं। इसीलिए उनके नेतृत्व में पी. ए. संगमा और तारिक अनवर ने भी सोनिया गांधी के विदेशी मूल के मुद्दे को लेकर भाजपा चुनाव प्रचार कर रही है, यह देखकर ही कांग्रेस की हार हो सकती है—इसी तरह की राजनीतिक सोच की वजह से ही उन्होंने पत्र लिखकर तथा कांग्रेस वर्किंग कमिटी की बैठक में भी बोला था। और इसके वजह से वह और उनके साथ के दोनों नेताओं को कांग्रेस पार्टी से निलंबित भी किया गया है।

आज इन घटनाओं को 25 साल से अधिक समय हो गया है। लेकिन सोनिया गांधीजी ने जब अपनी आत्मकथा लिखी है, तो उन्होंने उनके विदेशी मूल को लेकर कांग्रेस पार्टी के भीतर और विरोधी पार्टी की तरफ से उनके खिलाफ किए गए इस आरोप-प्रत्यारोप के दौरान उनके मन पर क्या असर हुआ होगा? यह किसी भी संवेदनशील पाठकों को समझने के लिए मुश्किल नहीं है। और इसलिए मेरा मानना है कि सोनिया गांधी की आत्मकथा को ‘Belonging’ से बढ़कर और कोई शीर्षक नहीं हो सकता है।

इसलिए मैं उनके इस शीर्षक का तहेदिल से स्वागत करते हुए, अब किताब को पढ़ने की शुरुआत करने जा रहा हूँ। उसके बाद मेरी टिप्पणी भी अवश्य लिखने की कोशिश करूंगा।

2004 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और उसके यूपीए नाम के गठबंधन को बहुमत मिलने की वजह से सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री बनाने की चर्चा काफी जोरशोर से उठी थी। भले ही सुषमा स्वराज तथा उमा भारती जैसे विपक्षी राजनेत्रियों ने तो अपने सर के बाल मुंडवाने की घोषणा की थी, और उनके गुरु जॉर्ज फर्नांडिस भी सोनिया गांधी के विदेशी मूल होने के मुद्दे पर काफी मुखरता से बयानबाजी कर रहे थे। लेकिन खुद सोनिया गांधी इंदिरा गांधी तथा राजीव गांधी की हत्याओं के बाद अपने दोनों बच्चे राहुल और प्रियंका की सुरक्षा से चिंतित होने की वजह से प्रधानमंत्री नहीं बनने का मन बना लिया था। और उन्होंने ही मनमोहन सिंह जी को प्रधानमंत्री बनने के लिए फैसला किया है। यह किताब में भी लिखा है और दुनिया को भी पहले से पता है।

525 पन्नों की किताब को बगैर पढ़े ही, कुछ लोग किताब के पन्ने फाड़ने से लेकर इस किताब पर टीका-टिप्पणियाँ कर रहे हैं। यह कारनामा पिछले कुछ दिनों से सेफ्रॉन डिजिटल आर्मी के अभियानांतर्गत जारी है। उसे देखकर मुझे लगता है कि सोनिया गांधी को अब किताब का विज्ञापन करने की कुछ भी आवश्यकता नहीं है, क्योंकि इन अंधभक्तों की इस तरह की मूर्खता से चल रहे ट्रोलिंग के कारण ही जबरदस्त उत्सुकतावश इस किताब के अधिकृत प्रकाशन के पहले ही लाखों कॉपियों की बिक्री का रिकॉर्ड पार हो चुका है। इस कारण मुझे खुद को भी यह किताब देरी से अभी-अभी ही मिली है।

यह सब हंगामा देखकर ही मुझे लगता है कि 2027 के अंत तक एक करोड़ से अधिक संख्या में कॉपियां बिकने की संभावना है, और सोनियाजी को अपने जीवनयापन करने के लिए और कुछ करने की जरूरत नहीं है। इस किताब की रॉयल्टी से आने वाले पैसों से ही वह अपने जीवन के आगे के खर्चे चला सकती हैं। अगर ईडी, सीबीआई, आईबी तथा रॉ जैसी एजेंसियों ने जांच करने का काम किया, तो और भी बिक्री बढ़ाने के लिए ही मदद हो सकता है। इस किताब को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और उसकी राजनीतिक इकाई भाजपा भी हतप्रभ होकर बैठे हैं।

नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे, || भारत माता की जय ||

Adv from Sponsors