पंजाब कांग्रेस के विवाद का निपटारा हो गया है। पार्टी आलाकमान के करीबी सूत्रों के अनुसार, नवजोत सिंह सिद्धू को पार्टी की प्रदेश इकाई के मुखिया बनाए जाने की घोषणा शाम तक कर दी जाएगी। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, सिद्धू के साथ 4 कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाए जाएंगे।

पंजाब कांग्रेस में चल रहे घमासान का अंत है या फिर कोई क्लाइमेक्स बाकी है, इसको लेकर कांग्रेस के पंजाब में प्रदेश प्रधान की औपचारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है। उधर, नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब प्रदेश कांग्रेस के प्रधान की औपचारिक घोषणा से पहले ही लगातार मंत्रियों व विधायकों से मिल रहे हैं। इसकी शुरुआत उन्होंने शनिवार सुबह कांग्रेस के मौजूदा प्रधान सुनील जाखड़ से पंचकूला में मुलाकात से की।

जाखड़ से मुलाकात के बाद जब सिद्धू उनके साथ बाहर निकले, तो एक-दूसरे को गले लगाया। जाखड़ ने सिद्धू को शुभकामनाएं दी। इस दौरान सिद्धू ने कहा कि यह बैठक बड़ों का मार्गदर्शन लेने के लिए हुई है। माना जा रहा है कि सिद्धू की पंजाब प्रधान (प्रदेश अध्यक्ष) के तौर पर ताजपोशी तय है।

पंजाब में जारी कांग्रेस के अंतर्कलह से पार्टी का शीर्ष नेतृत्व असहाय दिख रहा है। पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनके निवास पर मुलाकात की थी। बैठक में राहुल गांधी और पंजाब के प्रभारी हरीश रावत भी शामिल थे।

 

Adv from Sponsors