मध्य प्रदेश में दमोह को छोड़कर सभी शहरों में शुक्रवार शाम से 60 घंटे का लॉकडाउन चल रहा है। इस बीच कोरोना संक्रमित लगातार बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड 4,986 केस मिले हैं। 24 लोगों की मौत हुई है। सबसे ज्यादा इंदौर में 912 और भोपाल में 736 संक्रमित आए हैं। वहीं इंदौर में लॉकडाउन बढ़ेगा यह तय है। इसे 19 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक बढ़ाया जा सकता है। उधर, उज्जैन के महाकाल मंदिर के एक पुजारी की कोरोना से मौत हो गई है।

प्रदेश में एक्टिव केस 32 हजार से ज्यादा हैं। 52 जिलों में से 47 जिले ऐसे हैं, जहां 100 या उससे ज्यादा एक्टिव केस हैं। अप्रैल के पहले हफ्ते में ही 23 हजार संक्रमित बढ़े हैं। संक्रमण दर 13% से ज्यादा है। अगर संक्रमितों के बढ़ने की यही रफ्तार रही तो अप्रैल के अंत तक 90 हजार संक्रमित हो जाएंगे।

शुक्रवार शाम 6 बजे से प्रदेश के सभी नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषदों में 60 घंटे का लॉकडाउन लगाया गया है, जो सोमवार सुबह 6 बजे तक जारी रहेगा। रतलाम में 9 दिन का बंद है। कटनी, खरगोन और बैतलू 7 दिन तक लॉकडाउन है। छिंदवाड़ा में गुरुवार शाम से ही 7 दिन का लॉकडाउन जारी है।

इंदौर में कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए कलेक्टर मनीष सिंह ने ज्यादा कोरोना संक्रमित क्षेत्रों को माइक्रो कंटेनमेंट एरिया के रूप में घोषित किया है। ऐसे 15 शहरी इलाके अभी चिन्हित किए गए हैं। इन कंटेनमेंट क्षेत्र की अवधि 7 दिन तक रहेगी। यहां लोगों की आवाजाही सीमित रहने के साथ ही लोगों को आवश्यक सेवाएं मिलती रहेगी। इसके अलावा घर-घर सैंपलिंग का कार्य भी किया जाएगा। दरअसल, कुल 33 वार्डों में लगातार केस मिल रहे हैं। वहां प्रशासन की नजर है। पहले चरण में 15 कॉलोनी मोहल्लों में सख्ती गई है।

Adv from Sponsors