बिहार के भागलपुर में एक भाजपा नेता ने दहेज न मिलने से नाराज़ होकर अपनी बहू को गोली मार दी। घटना भागलपुर के मिर्जानहाट की है जहां पर भाजपा नेता ने अपने बेटे भवेश भास्कर और बहू महिमा भारती से दहेज को लेकर चल रहे विवाद में बहू को गोली मार दी। गोली महिमा के पेट में लगी। आनन-फानन में परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर भागे। भाजपा नेता सूर्य शंकर साह के बेटे भवेश भास्कर ने महिमा भारती से 2016 में प्रेम विवाह किया था। भाजपा नेता दहेज न मिलने की वजह से दोनों से खफा था।घायल बहु को को ससुराल के लोगों ने ही इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद भाजपा नेता घर से भाग गए।

जानकारी के मुताबिक, गोपीनाथ साह की इकलौती बेटी महिमा की शादी 16 फरवरी, 2016 को बीजेपी नेता सूरज साह के छोटे बेटे से हुई थी। दोनों ने प्रेम विवाह किया था और भवेश कुमार भास्कर स्टेट बैंक के सहायक मैनेजर था। महिमा भारती बांका जिले के अमरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में हेल्थ ऑपरेटर के पद पर काम करती थी। घटना की सूचना मिलने पर मायके के लोग अस्पताल पहुंचे। महिमा की मां मंजू देवी ने कहा कि शादी के बाद से ही ससुर बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे। कभी नौकरी छोड़ने तो कभी दहेज को लेकर प्रताड़ित करते रहते थे। छोटी-छोटी बात पर पिस्टल निकालकर गोली मार देने की धमकी दी जाती थी।

डर से महिमा मायके से नौकरी पर आना-जाना करने लगी। अपने पिता की हरकत से दामाद भी परेशान रहते थे, लेकिन पिता के सामने कुछ बोल नहीं पाते थे। मुजफ्फरपुर से रांची ट्रांसफर होने के कारण रविवार सुबह भवेश कुमार ससुराल आए थे। पिता के डर से बेटा भी घर के बदले ससुराल ही आते-जाते थे।

घायल महिमा भारती ने कहा कि पति का रांची ट्रांसफर होने के कारण शिफ्ट करने की तैयारी थी। रविवार दोपहर पति और बढ़ई मिस्त्री के साथ पलंग लाने ससुराल गए थे। कमरे से पलंग खुलवा रहे थे। इसी दौरान ससुर आकर विवाद करने लगे। कहा कि शादी में मायके से मिला पलंग ही रांची ले जा रहे थे। पति ने समझाने की कोशिश की, लेकिन ससुर ने पीछे से बाएं पंजरे में गोली मार दी। पति के साथ ससुराल के लोगों ने ही अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया।

पहले भी मारने की रची गई थी साजिश
महिमा ने कहा कि ससुर ने पहले भी जान से मारने की साजिश रची थी। अमरपुर ड्यूटी पर जाने के दौरान रास्ते में लाल रंग की गाड़ी से स्कूटी में धक्का मरवा दिया गया था। मायागंज अस्पताल में इलाज चला, लेकिन ससुर एक भी दिन देखने नहीं आए। हत्या की आशंका को लेकर दो बार कोर्ट में सनहा दर्ज कराया गया था।

भाजपा नेता का बड़ा बेटा पंकज भास्कर बेंगलुरु में इंजीनियर है। पत्नी टिंकल के साथ वहीं रहता है। सूरज साह चाहते थे कि छोटी बहू महिमा नौकरी छोड़कर ससुराल में रहे, लेकिन ससुर के व्यवहार से बहू का शादी के बाद से पटरी नहीं बैठ रहा था। दो साल से मायके में ही रह रही थी। ससुर के कारण ही नौकरी से रिजाइन करना पड़ा था।

Adv from Sponsors