बोलीविया में ९० दिनों का आपातकाल लागू कर दिया गया है। बोलीविया इन दिनों गंभीर राजनीतिक और आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा है। देशभर में पिछले पांच सप्ताह से जारी सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच राष्ट्रपति रोड्रिगो पाज़ ने ९० दिनों के लिए राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा कर दी है। प्रदर्शनकारी सरकार की मितव्ययिता नीतियों, ईंधन सब्सिडी समाप्त करने और अन्य आर्थिक सुधारों का विरोध करते हुए राष्ट्रपति के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

लगातार जारी सड़क अवरोधों और प्रदर्शनों के कारण राजधानी ला पाज़ समेत कई प्रमुख शहरों में ईंधन, खाद्यान्न और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि परिवहन व्यवस्था लगभग ठप पड़ गई है, अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी हो गई है और मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई हिंसक झड़पों में अब तक ३६५ से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि ३७ लोग घायल हुए हैं। मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि चिकित्सा सुविधाओं के अभाव और अवरुद्ध यातायात के कारण कम से कम १७ लोगों की जान जा चुकी है।

राष्ट्रपति पाज़ ने कहा कि आपातकाल का उद्देश्य नागरिकों की स्वतंत्रता सीमित करना नहीं, बल्कि सामान्य जनजीवन को बहाल करना है। हालांकि कुछ श्रमिक संगठनों से समझौता होने के बावजूद विरोध प्रदर्शन थमने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं।
स्रोत : MINT

Adv from Sponsors