वाशिंगटन/तेहरान। अमेरिका और ईरान के बीच जारी उच्चस्तरीय वार्ताओं दोनों देशों के बीच कुछ मुद्दों पर सहमति बनी है, जबकि कुछ विषयों पर मतभेद अभी भी बरकरार हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका द्वारा जारी की जा रही धनराशि एक विशेष एस्क्रो खाते में रखी जाएगी और उसका उपयोग मुख्य रूप से खाद्यान्न एवं चिकित्सा सामग्री की खरीद के लिए किया जाएगा।
हालांकि, ईरान ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि मुक्त की गई संपत्तियों का उपयोग देश अपनी आवश्यकताओं के अनुसार स्वतंत्र रूप से कर सकेगा। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माईल बघाई ने स्पष्ट किया कि ईरान किसी भी आवश्यक वस्तु की खरीद अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार करेगा।
इस बीच अमेरिका ने ईरानी तेल पर लगे कुछ प्रतिबंधों में 60 दिनों की छूट दे दी है। इसके तहत खाड़ी क्षेत्र में टैंकरों में संग्रहित लगभग 6.7 करोड़ बैरल तेल की बिक्री का रास्ता खुल गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे ईरान की अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ मिलेगा।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि तेल निर्यात और पेट्रोकेमिकल बिक्री पर लगी कई पाबंदियां हटाई गई हैं तथा कुछ जमी हुई ईरानी संपत्तियां भी जारी कर दी गई हैं। दोनों पक्ष अब प्रतिबंधों को पूरी तरह समाप्त करने और परमाणु मुद्दों के समाधान के लिए आगे की वार्ताओं पर सहमत हुए हैं।












