मध्य प्रदेश के सभी छोटे और बड़े शहरों में अब शनिवार को भी लॉकडाउन रहेगा। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने गुरुवार को यह ऐलान कर दिया। शुक्रवार शाम 6 से सोमवार के सुबह 6 बजे तक लगातार लॉकडाउन 60 घंटे का रहेगा। CM ने कहा कि मेरी मंशा कभी भी लॉकडाउन की नहीं रही है। बता दें कि एक दिन पहले ही प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में नाइट कर्फ्यू लगाया गया था।

प्रदेश में 7 अप्रैल तक एक्टिव केस की संख्या 27 हजार से ज्यादा हो चुकी थी। जबकि कोरोना की पहली लहर में एक्टिव केस का आंकड़ा 21 हजार से आगे नहीं बढ़ पाया था। राज्य सरकार ने मध्य प्रदेश के सभी शहरों में संडे लॉकडाउन का ऐलान कर दिया है। सभी सरकारी दफ्तर अगले 3 महीने तक सप्ताह में केवल 5 दिन ही खुलेंगे। इनकी टाइमिंग सुबह 10 से शाम 6 बजे तक रहेगी। शनिवार और रविवार दफ्तर पूरी तरह बंद रहेंगे। प्रदेश के सभी शहरी क्षेत्रों में आज गुरुवार से अगले आदेश तक रोजाना रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू रहेगा। छिंदवाड़ा जिले में रात 8 बजे से अगले 7 दिन तक टोटल लॉकडाउन रहेगा।

CM शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार शाम को आपात बैठक में चर्चा के बाद यह फैसला लिया। बैठक में यह भी तय किया गया कि क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की सहमति लेकर कलेक्टर शहरी क्षेत्र में रविवार के अलावा शनिवार को भी लॉकडाउन का आदेश जारी कर सकते हैं। प्रदेश के अधिक संक्रमित शहरी क्षेत्रों में कंटेनमेंट ज़ोन बनाए जाएंगे कंटेनमेंट एरिया में 7 से10 दिन तक का लाॅकडाउन लगाया जा सकेगा।

Adv from Sponsors