महिलाओं का हल्ला बोल… सीएम हाउस में घुसने की कोशिश, पुलिस से हुई धक्का मुक्की

भोपाल। महंगाई और प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था का विरोध करने पहुंचीं महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएम हाउस में जबरिया प्रवेश करने की कोशिश की। रोका गया तो उन्होंने फांसी लगाने के लिए फंदा उठा लिया। इन प्रयासों में महिलाओं और पुलिस के बीच झूमा झटकी और धक्का मुक्की भी हुई।

गुरुवार सुबह महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं की टोली अचानक सीएम हाउस पहुंच गई। इस दौरान उन्होंने मंहगाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिलाओं ने प्रदेश की बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। हाथों में नारे लिखी तख्तियां लिए महिलाओं ने सीएम हाउस में जबरिया प्रवेश करने की कोशिश की। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उनको रोका तो कार्यकर्ताओं ने सीएम हाउस के बाहर ही फांसी लगाने की कोशिश की। इस बीच पुलिस्कारियों और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का मुक्की भी हुई और फांसी लगाने की कोशिश कर रही महिला जमीन पर गिर गई।

प्रदेश में नहीं कानून : रुचि गुप्ता
गृह मंत्री के जिले में हुई एसिड अटैक की घटना को लेकर महिला कांग्रेस पदाधिकारी रुचि गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। उन्होंने कहा कि पाबंदी के बावजूद प्रदेश में खुलेआम एसिड की बिक्री हो रही है। इसका इस्तेमाल महिला प्रताड़ना के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री के क्षेत्र में ये हाल हैं तो पूरे प्रदेश के हालात आसानी से समझे जा सकते हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
अचानक सीएम हाउस पर जमा हुई महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं के यहां पहुंचने की पूर्व सूचना पुलिस तंत्र को नहीं लग पाई। जिसके चलते यहां बड़ी तादाद में भीड़ जमा हो गई। बिना अनुमति के सीएम हाउस में घुसने के हालात भी इसी स्थिति से बने हैं।

Adv from Sponsors