उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में दबंग इतने बेख़ौफ़ हैं, कि उन्हें पुलिस से भी डर नहीं लगता। वो जब चाहें जिसे चाहें गोली मार सकते हैं। ताज़ा मामला शाहजहांपुर ज़िले के थाना जलालाबाद के पास का है। जहां दबंगों ने थाने से महज कुछ दूरी पर ही एक युवक को गोली मार दी। युवक थाने में आत्मसमर्पण करने जा रहा था , घायल अवस्था में युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस के अनुसार, घायल युवक एक मुकदमे में वांछित था। वह थाने में सरेंडर करने जा रहा था। लेकिन दूसरे पक्ष ने बीच रास्ते में उस पर फायर कर दिया। पुलिस ने घायल युवक का बयान दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, जिस 22 वर्षीय युवक आयुष को गोली मारी गई है उस पर दो दिन पहले मारपीट और अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था। FIR दर्ज होने के दिन से आयुष फरार चल रहा था। रविवार को आयुष थाने पर सरेंडर करने जा रहा था। लेकिन थाने से कुछ ही दूरी पर नगरिया पुलिया के पास पहुंचा कि, जिन लोगों ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया था ने उसे घेर लिया। जब आयुष ने भागने की कोशिश की तो अनुराग नाम के युवक ने उसे गोली मार दी। गोली लगते ही आयुष घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुची पुलिस ने घायल को सीएचसी पर भर्ती कराया। जहां उसका इलाज किया जा रहा है। वही पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

दरअसल, घायल आयुष और उसी इलाके का रहने वाला अनुराग दिक्षित के बीच गैंगवार चलता है। दो दिन पहले अनुराग दिक्षित ने ही अपहरण का आरोप लगाकर आयुष के उपर मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद आज जब आरोपी आयुष थाने पर हाजिर होने जा रहा था, तभी रास्ते में घेरकर उसको गोली मार दी गई। अब घायल ने आरोप अनुराग दीक्षित पर लगाया है। सीओ बीपी सिंह का कहना है कि एक युवक को रास्ते गोली मार दी गई है। उसको अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।

Adv from Sponsors