उत्तर प्रदेश में 2022 के विधानसभा चुनाव होने हैं और चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने मोदी-योगी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी शुक्रवार सुबह ट्रेन से ललितपुर पहुंची। उन्होंने ललितपुर में किसान के परिवार से मुलाकात की। पिछले सप्ताह उर्वरक के लिए दुकान के सामने खड़े किसान की मौत हो गई थी।

न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ललितपुर पहुंचकर 4 मृतक किसानों के परिजनों के साथ मुलाकात की। मृतक किसान कृषि उर्वरक खरीदने के लिए लाइनों में इंतजार कर रहे थे तब इनकी कथित तौर पर गिरने के बाद मृत्यु हो गई थी।

मृतक किसान परिवारों से मिलने के बाद प्रियंका गांधी ने प्रदेश की योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार विफल रही है, उसने किसानों की पूरी तरह से अनदेखी की है। ये अकेले इन 4 किसानों का मसला नहीं है, ये पूरे बुंदेलखंड का मसला है।

साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अब बोरियों में खाद की कम मात्रा दी जा रही है और दाम बढ़ा दिए गए हैं। वे क्या करेंगे? उनके पास बहुत सारी समस्याएं हैं लेकिन सरकार नहीं सुन रही है। वे जानते हैं कि किसान महीनों से सड़कों पर हैं। उन्हें वाहनों से कुचला जा रहा है।

प्रियंका गेस्ट से हुईं रवाना
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी 8:00 बजे गेस्ट हाउस से पाली तहसील निवासी मृतक किसान के परिजनों से मिलने के लिए रवाना हो गईं। वह वहां से ललितपुर होते हुए दतिया के लिए कार से रवाना होंगी। दतिया से हवाई मार्ग द्वारा लखनऊ या दिल्ली जाएंगी।

सुबह सात बजे साबरमती एक्सप्रेस से पहुंची ललितपुर
खाद को लेकर किसानों का चल रहे बवाल बीच शुक्रवार को कांग्रेस महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी शुक्रवार सुबह 7.07 बजे सावरमती एक्सप्रेस से रेलवे स्टेशन पर उतरीं। यहां पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप आदित्य जैन सहित कई कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उनका काफिला पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचा जहां कुछ देर रुकने के बाद मृतक किसानों के परिवार से मिलने के लिए पाली अथवा नया गांव जाएंगी।

कुलियों से मिलीं प्रियंका
इससे पहले कांग्रेस महासचिव वाड्रा ने बृहस्पतिवार रात ललितपुर जाते समय लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर कुलियों से मुलाकात की। कुलियों ने उन्हें अपनी आजीविका से जुड़ीं समस्याएं बताईं, जिस पर प्रियंका ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया। बाद में प्रियंका ट्रेन से ललितपुर के लिए रवाना हो गईं। प्रियंका ललितपुर में किसानों से उनकी समस्याओं को समझेंगी।

Adv from Sponsors