पटना : गुरुवार को लोकसभा चुनाव के लिए डाले गए वोटों की गिनती होने वाली है। इस दौरान उपद्रव न हो इसके लिए पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। पुलिस मुख्यालय ने बिहार के सभी जिलों के एसपी को अलर्ट भेजा है। तो दूसरी तरफ पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा द्वारा मंगलवार को वोट की रक्षा के लिए खूनी संघर्ष की बात कहे जाने को लेकर बिहार में सियासी पारा चढ़ने लगा है। कुशवाहा के विवादित बयान के बाद उनके समर्थन में भभुआ के पूर्व विधायक और लोकसभा चुनाव में बक्सर लोकसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार रामचंद्र यादव भी उतर आए हैं। निर्दलीय उम्मीदवार रामचंद्र यादव ने हथियार लहराते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस किया और यहां तक कह दिया कि हम लोकतंत्र को बचाने के लिए गोली चलाने को तैयार हैं। हमें बस महागठबंधन के नेता आदेश दें।

[KGVID]https://www.chauthiduniya.com/wp-content/uploads/20190522183112/chacha.mp4[/KGVID]

रामचंद्र यादव ने कैमूर ईवीएम मामले में हथियार लहराते हुए कहा कि लोकतंत्र के लिए हथियार उठाना पड़े तो उठाऊंगा। रिजल्ट फेवर में नहीं आने पर खून की नदियां भी बहा दूंगा। उनके इस बयान का वीडियो वायरल हो रहा है। गौर हो कि उपेंद्र कुशवाहा ने मंगलवार को आरोप लगाते हुए कहा था कि एग्जिट पोल का बिहार में राजग को 40 में से 30 या उससे अधिक सीटों का पूर्वानुमान गुमराह करने वाला और हमारे कार्यकर्ताओं का उत्साह भंग करने का एकमात्र उद्देश्य है।

कुशवाहा ने पत्रकारों से कहा कि पहले हम बूथ लूट के बारे में सुनते थे। इस बार, ऐसा संदेह है कि नतीजों को लूटने का प्रयास किया जा सकता है। यह ईवीएम से छेड़छाड़ या मतगणना केंद्र पर अन्य तरह की गतिविधियों द्वारा किया जा सकता है।

वहीँ दूसरी ओर बुधवार को एडीजी कुंदन कृष्णन ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा के बयान की जांच हो रही है। अगर बयान से किसी तरह की हिंसा हुई तो उपेंद्र कुशवाहा जिम्मेवार होंगे। पुलिस कुशवाहा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।

Adv from Sponsors