भोपाल। राजधानी भोपाल में 18 जुलाई से दोबारा लॉक डाउन लगाए जाने के फर्जी व्हाटसएप मैसेज के बाद प्रशासन ने सख्त रवैया अपनाना शुरू किया है। ऐसे भ्रामक मैसेज रचने, उसे आगे बढ़ाने और शहर में अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। इसके लिए कुछ लोगों को चिन्हित भी किया गया है और उनके खिलाफ कार्यवाही भी की जा रही है।

डीआईजी इरशाद वली ने कहा है कि अगर कोई भी फर्जी भ्रामक खबरें वायरल करता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने आग्रह किया है कि कोई भी मैसेज बिना तस्दीक किए मजे के लिए फॉरवर्ड न करें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग जानकारी और मनोरंजन के लिए किया जाना चाहिए, न कि इसे किसी तरह की अफवाह फैलाने का साधन बनाएं।

डीआइजी ने कहा कि लॉक डाउन की फर्जी खबर फैलाने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा स्पष्टीकरण दे दिया गया है कि फिलहाल ऐसे कोई हालात नहीं हैं और न ही शासन-प्रशासन की ऐसी कोई मंशा है। कोरोना तीसरी लहर की तैयारियों को लेकर उन्होंनें कहा कि सरकार और प्रशासन दोनों इसको लेकर सतर्क, सजग और तैयार हैं। जिस तरह से पिछली दो लहर के दौरान मामले को गंभीरता से लिया गया था और जरूरी कदम उठाए गए थे, उसी तरह तीसरी लहर के आने पर भी सभी अहतियाती और जरूरत के कदम उठाए जाएंगे।

Adv from Sponsors