भोपाल। खुद को सामाजिक सेवक बताते हुए हर वर्ग से जुड़ी मांगों को लेकर एक युवक मंगलवार शाम मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। हाथ में तिरंगा थामे इस युवक ने टॉवर पर चढ़ते समय कुछ पेप्मलेट्स भी नीचे फेंके, जिनमें करीब 16 विभिन्न मांगों का जिक्र किया गया है। युवक ने इस पेंपलेट में पहली अक्टूबर को राजधानी के जंबूरी मैदान में पहुंचने की अपील भी लोगों से की है।

स्टेट बैंक की सुल्तानिया रोड़ शाखा के पास स्थित बीएसएनएल मोबाइल टॉवर पर ये हंगामा शाम करीब 6 बजे शुरू हुआ। हाथ में तिरंगा थामे टॉवर पर चढ़ते युवक को देखकर राहगीरों ने कोह फिज़ा थाने को सूचना दी। इसके बाद शाहजहानाबाद थाने का अमला भी यहां पहुंच गया।

ऊपर से फेंके पर्चे
मोबाइल टॉवर पर चढ़े युवक का नाम अर्जुन उज्जवल बताया जा रहा है। वह टॉवर से कुछ पर्चे फेंकने लगा। इन पर्चों में महंगाई, किसानों की समस्याओं के अलावा बेरोजगारी को लेकर बातें लिखी हैं।

दो थाना प्रभारियों ने सम्हाला मोर्चा, एसपी भी पहुंचे
युवक को टॉवर से नीचे उतारने के कोह फिज़ा थाना प्रभारी अनिल वाजपई और शाहजहानाबाद थाना प्रभारी जहीर खान को फायर ब्रिगेड की लिफ्ट से ऊपर चढ़ना पड़ा। वे युवक अर्जुन को देर तक नीचे आने की समझाइश देते रहे। इस बीच पुलिस अधीक्षक विजय चौधरी और सीएसपी नागेंद्र पटैरिया भी मौके पर पहुंच गए। टॉवर पर चढ़े युवक को देखने के लिए आसपास तमाशगीरों का बड़ा मजमा इकट्ठा हो गया था।

ये हैं पर्चे में मांगें
1. अयोध्या बाजार मेन चौराहा पंचमुखी हनुमान मंदिर के ठीक सामने जो दारू की कलारी है यह तुरंत हटाई जाए।
2. नगर निगम में काम करने वाले मजदूर को पक्का किया जाये एवं वेतन 20-25 हजार बढ़ाया जाये।
3. मजदूर चाहे कोई भी हो कार पेंटर, एनम्बर, मिस्बी, पेंटर, लेबर, गार्ड, फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर दैनिक मजदूर पेट्रोल पम्प पर काम करने वाले कर्मचारियों की मजदूरी 1000 रुपये प्रतिदिन होना चाहिए।
4. गैस कांड का पैसा तुरंत दिया जाये अतिशीघ्र
5.किसानों को समय-समय पर मदद राशि उपलब्ध नहर, खाद, बीज समय पर मिलना चाहिए।
6. बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग एवं दारू बंद तो हिन्दुस्तान से अपराध खत्म
7. मासूमों के साथ अपराध और आतंकवादियों को तुरंत मौत की सजा दी जानी चाहिए। देश से अपराध बंद होना चाहिए।
8. रेल्वे कर्मचारियों को पक्का किया जाये। महंगाई को देखते हुए मजदूरी 1000 रुपये प्रतिदिन होना चाहिए।
9. भोपाल में गुमठियाँ स्थाई होना चाहिए। गरीब मजदूर लोगों का क्या होगा, हर इंसान अमीर नहीं है।
10. मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल है, हाई कोर्ट राजधानी भोपाल) में होना चाहिए। अपराध यहीं से शुरू होते है।
11. देश में गरीबी और महंगाई से लड़ते हुए लोगों को जो रजिस्ट्री पर चार्ज लगाया जा रहा है वह भी कम होना चाहिए। रजिस्ट्री बहुत महंगी पड़ रही है। इसका चार्ज कम होना चाहिए।
12. मंत्री और विधायकों के जो बंगले बने हुए है इन बंगलों को भी छोटा किया जाना चाहिए।
13. किसान विरोधी बिल वापस लिए जाएं एवं किसान आंदोलन में मरे व्यक्तियों के परिजनों को सरकार मुआवजा
14. आशा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं संविदा कार्यकर्ताओं को कलेक्ट्रेट के आधार पर नियमित
15. कोरोना संकट में मरे हुए लोगों के परिवारजनों को शासन चार लाख रुपए मुआवजा दे। 16. बढ़ती हुई महंगाई डीजल पेट्रोल खाद्य तेल एवं घरेलू सामग्री सस्ती की जाए।

तीन घंटे से ज्यादा की मशक्कत
शाम करीब पांच मोबाइल टॉवर पर चढ़े अर्जुन को समझाइश के साथ रात करीब पौने आठ बजे नीचे आने के लिए राजी किया जा सका। युवक को समझाने के लिए थाना प्रभारी जहीर खान को भी करीब 180 फीट ऊंचाई वाले टॉवर पर चढ़ना पड़ा। रेस्क्यू टीम का एक अन्य सदस्य फारुख भी इनके साथ ऊपर चढ़ा था। समझाइश के बाद नीचे लाते हुए जहीर खान और फारुख ने बीच में अर्जुन को रखा। शाम से चल रहे हंगामे के दौरान आसमान में घिर आए अंधेरे को दूर करने के लिए बीएसएनएल द्वारा सर्च लाइट की व्यवस्था की गई।

Adv from Sponsors