
नवजोत सिंह सिद्धू हाल ही में पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री इमरान खान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने गए थे जिसके बाद से भारत में उनका जमकर विरोध किया जा रहा है, इतना ही नहीं अब तो एक शख्स ने सिद्धू का सिर काटकर लाने वाले पर पांच लाख रुपये का ईनाम घोषित कर दिया है.
बता दें कि ताजनगरी आगरा में राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष संजय जाट का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वो नवजोत सिंह सिद्धू के इमरान खां के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पर आक्रोश जता रहे हैं और कह रहे हैं कि देशद्रोह करने वाले सिद्धू का सिर लेकर आने वालों को वो पांच लाख रुपये का चेक ईनाम देंगे.
संजय जाट इस वीडियो क्लिप में सिद्धू पर अपना गुस्सा निकाल रहे है. उन्होनें सिद्धू को ‘‘गद्दार’’ भी बताया. पुलिस अधिकारियों से इस बारे मे पूछने पर उन्होंने बतया कि इस वीडियो के बारे उन्हें कोई जानकारी नहीं है और अभी तक इस मामले में किसी ने कोई भी शिकायत नहीं की है.
बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू हाल ही में पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री बने इमरान खान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए इस्लामाबाद गए थे. वहां सिद्धू के पीओके के राष्ट्रपति के साथ बैठने और पाक सेना प्रमुख के गले लगने को लेकर भारत में जमकर विवाद हो गया था जिसके बाद बीजेपी ने कांग्रेस से सिद्धू को सस्पेंड करने की मांग भी की थी.
उनके इस तरह से पाकिस्तान जाने का देशभर में विरोध किया जा रहा है. इस मामले पर नवजोत सिंह सिद्धू अपना बचाव कर रहे हैं लेकिन यह विवाद है कि थमने का नाम नहीं ले रहा है.











