कोरोना महामारी के बीच 23 जुलाई से टोक्यो ओलंपिक खेलों की शुरुआत हो चुकी है। पहले दिन देश के खिलाड़ी असफल रहे हैं, लेकिन आज ओलंपिक खेलों के दूसरे दिन भारतीय खिलाड़ियों ने अच्छी शुरुआत की है। भारत ने टोक्यो ओलंपिक में पुरुष हॉकी के शुरुआती मैच में न्यूजीलैंड को 3-2 से हराया है। वहीं दीपिका कुमारी-प्रवीण जाधव की जोड़ी ने आर्चरी के मिक्स्ड टीम इवेंट के क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। इसके अलावा 10 मीटर एयर पिस्टल मैच में भी भारत को बड़ी सफलता मिली है।

10 मीटर एयर पिस्टल मैच में सौरभ चौधरी नंबर 1 पर रहे और मेडल राउंड के लिए क्वालीफाई किया, वहीं अभिषेक वर्मा चूक गए।

ओलंपिक खेलों के दूसरे दिन भारतीय खिलाड़ी कई स्पर्धाओं में मेंडल के लिए जोर लगा रहे हैं। जिनमें तीरंदाजी, निशानेबाजी, बैडमिंटन, हॉकी, जूडो, रोइंग, टेबल टेनिस, टेनिस और वेटलिफ्टिंग शामिल हैं।

टोक्यो ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम जीत के साथ आगाज किया। अपने पहले मुकाबले में भारतीय हॉकी टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए को मैच जिताने में हरमनप्रीत सिंह और श्रीजेश का खास योगदान रहा। इस दौरान दोनों टीमों की तरफ से शानदार मुकाबला देखने को मिला। पहले क्वार्टर में भारत की तरफ से पहला गोल रूपिंदर पाल सिंह ने किया था। वहीं न्यूजीलैंड की तरफ से पहले क्वार्टर में केन रसेल ने गोल कर टीम को बराबरी पर ला दिया।

इसके बाद दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों की तरफ से ताबड़तोड़ हॉकी खेली गई। दोनों प्रतिद्वंदी एक दूसरे के खिलाफ गोल करने को तरसते रहे। इस दौरान भारत की तरफ से जोरदार हमला किया गया। हरमनप्रीत सिंह ने दूसरे क्वार्टर में गोल कर भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई।

हरमनप्रीत ने किए दो गोल

पुरुष हॉकी में पुरुष वर्ग के पूल ए में भारत ने न्यूजीलैंड को 3-2 से हरा दिया है। भारत की ओर से हरमनप्रीत सिंह (26वें और 33वें मिनट) ने दो और रुपिंदर पाल सिंह (10वें मिनट) ने एक गोल किया। न्यूजीलैंड की ओर से केन रसेल ने छठे मिनट में पहला और स्टीफन जेनेस (43वें मिनट) में दूसरा गोल किया। ओलिंपिक गेम्स में यह भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8वीं भिड़ंत थी। इसमें भारतीय टीम ने 5वीं बार जीत हासिल की है।

महामारी की वजह से ओलंपिक खेलों में कई बड़े बदलाव नजर आएंगे। खिलाड़ियों को कोरोना वायरस के खतरे से बचाने के लिए बेहद सख्त बायो बबल बनाए गया है। इतना ही नहीं टोक्यो ओलंपिक मैदान पर बिना दर्शकों के ही खेले जा रहे हैं। महामारी ने हालांकि खिलाड़ियों की मुश्किलों को काफी बढ़ा दिया है। कोरोना महामारी की वजह से खिलाड़ियों को हर दिन कोविड-19 टेस्ट से गुजरना होगा। बिना कोविड 19 टेस्ट रिपोर्ट से किसी भी खिलाड़ी को मैदान पर एंट्री नहीं मिलेगी। इतना ही नहीं अगर कोई खिलाड़ी फाइनल में पहुंच गया है और उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है तो उसे मेडल की रेस से पीछे हटना पड़ेगा।

Adv from Sponsors