महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलधार बारिश ने कहर मचा दिया है। भारी बारिश राज्य के लोगों पर मुसीबत बनकर टूटी है। इसके चलते पिछले दो दिनों में 129 लोगों को जान गंवानी पड़ी है। पिछले 24 घंटों में रायगढ़, रत्नागिरी और सतारा में हुई इन घटनाओं में कई लोग अब भी मलबे में दबे हैं। बाढ़ग्रस्त इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ के अलावा नौसेना ने भी मोर्चा संभाल रखा है।

भारी बारिश की वजह से महाराष्ट्र के कोल्हापुर, रायगढ़, रत्नागिरी, पालघर, ठाणे और नागपुर के कुछ हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। भारी बारिश के बाद शुक्रवार को हुए हादसों में अब तक 57 लोगों की मौत हो चुकी है।

रत्नागिरी जिले के चिपलून में अपरांत हॉस्पिटल में बाढ़ का पानी घुसने से यहां की पावर सप्लाई ठप हो गई। इससे 8 मरीजों की मौत हो गई। यह एक कोविड हॉस्पिटल है और मरने वाले सभी लोग ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे।

उधर, रायगढ़ के तलई गांव में पहाड़ का मलबा रिहायशी इलाके पर गिर पड़ा। इसके नीचे 35 घर दब गए। इस हादसे में 36 लोगों की मौत हो गई है, 70 से ज्यादा लोग लापता हैं। 32 के शव बाहर निकाले गए हैं। सतारा के अंबेघर गांव में भी लैंड स्लाइडिंग हुई है। यहां 8 लोगों की जान गई है। मलबे के नीचे करीब 20 लोग दबे हुए हैं।

136 आकस्मिक मौतें
इधर, महाराष्ट्र के राहत और पुनर्वास मंत्री विजय वडेट्टीवार ने कहा कि महाराष्ट्र में बारिश और मानसून से संबंधित अन्य घटनाओं के कारण शुक्रवार (23 जुलाई) की शाम तक 136 आकस्मिक मौतें हुई हैं।

84 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
बता दें, बारिश से प्रभावित पुणे में पिछले दो दिनों में 84,452 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में एनडीआरएफ की टीम युद्धस्तर पर राहत व बचाव कार्य में जुटी हुई है। कोल्हापुर में एनडीआरएफ की टीम ने लोगों को खाना वितरित किया।

खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं कई बरसाती नदियां
रत्नागिरी जिले में जगबुडी नदी खतरे के निशान से 2 मीटर और वशिष्ठ नदी खतरे के निशान से करीब एक मीटर ऊपर बह रही है। कजली, कोडावली, शास्त्री और बावंडी नदियाें ने भी खतरे के निशान को पार कर लिया है। कुंडलिका, अंबा, सावित्री, पातालगंगा, गढ़ी और उल्हास नदियां भी चेतावनी के स्तर पर बह रही हैं।

कोंकण रेल सेवा पर असर पड़ा
बारिश की वजह से कोंकण रेल रूट पर कई जगह लैंडस्लाइड हुई है। रत्नागिरी जिले में बारिश के कारण रेल सर्विस बंद हो गई थी। इससे अलग-अलग जगहों पर करीब 6 हजार यात्री फंसे हुए हैं। इन्हें निकालने के लिए NDRF की टीमों को लगाया गया है।

Adv from Sponsors