टोक्यो ओलंपिक में अब दूसरा हफ्ता शुरू हो चुका है। नौवें दिन डिस्कस थ्रो में देश की उम्मीदें जगी हैं। महिलाओं की स्पर्धा में कमलप्रीत कौर ने 64 मीटर के स्कोर के साथ फाइनल में प्रवेश कर लिया है। वह ग्रुप बी में दूसरे स्थान पर रहीं। इसके अलावा हॉकी में भी महिला टीम ने ग्रुप का आखिरी मुकाबला अपने नाम किया और दक्षिण अफ्रीका को 4-3 से हराया।

डिस्कस थ्रो के ग्रुप बी में भारत की कमलप्रीत कौर ने 60.29 के थ्रो के साथ शुरुआत की है। कमलप्रीत कौर ने अपने दूसरे अटेंप्ट में 63.97 मीटर की दूरी का थ्रो किया और अब अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। सीमा पूनिया के मुकाबले कमलप्रीत काफी अच्छा खेल दिखाया। कौर ने अपने आखिरी अटेंप्ट में 64.00 मीटर की दूरी का थ्रो किया। इस थ्रो के साथ ही उनका आगे जाना तय हो गया वहीं सीमा पूनिया बाहर हो गई है। एथलेटिक्स में कमलप्रीत कौर ने डिस्क्स थ्रो के फाइनल में पहुंचकर इतिहास रच दिया है। हालांकि अन्य खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने निराश किया।

बॉक्सिंग – अमित पंघाल का बाहर होना भारत के लिए बड़ा झटका

भारतीय स्टार बॉक्सर अमित पंघाल को देश के लिए मेडल लाने की बड़ी उम्मीद के तौर पर देखा जा रहा था, कोई भी उनके पहले ही राउंड में बाहर होने की उम्मीद नहीं कर सकता था। अमित आज बहुत ज्यादा अटैकिंग नहीं दिखे। उनके पहले ही राउंड में बाहर हो जाना देश के फैंस के लिए बड़ा झटका है। भारत के अमित पंघाल का राउंड ऑफ 16 का मैच कोलंबिया के मुक्केबाज ने 4:1 से अपने नाम किया।

आर्चरी – रोमांचक प्री क्वार्टरफाइनल हारे अतनु दास

अतनु दास का टोक्यो ओलिंपिक का सफर प्री क्वार्टरफाइनल में खत्म हो गया. वह जापान के तीरंदाज ताकाहारू से मुकाबला 6-4 से हारे और बाहर हो गए हैं।

Adv from Sponsors