सिद्धार्थ शुक्ला का गुरुवार को 40 साल के उम्र में निधन हो गया। वो टीवी के जाने माने अभिनेता थे। एक्टर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी सामने आ चुकी है। उनके यूं अचानक चले जाने से फैंस और उनके करीबियों को झटका लगा है।

पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन कर रहे साथी
सिद्धार्थ का पार्थिव शरीर हॉल में रखा गया है, जहां लोग उनके आखिरी दर्शन कर रहे हैं। साथ ही शांति पाठ भी किया जा रहा है। कुछ देर में ही सिद्धार्थ पंचतत्व में विलीन हो जाएंगे।

  • अंतिम संस्कार से पहले सिद्धार्थ के घर ब्रह्मकुमारी संस्था के लोगों ने पूजा-पाठ किया।
  • सिद्धार्थ के घर पर बॉलीवुड सेलिब्रिटीज का आना जारी है। निक्की तंबोली, राखी सावंत, अर्जुन बिजलानी, विकास गुप्ता, रश्मि देसाई जैसी सेलिब्रिटीज ओशिवारा स्थित फ्लैट पर पहुंच चुकी हैं।
  • पहले सिद्धार्थ का शरीर अंतिम दर्शनों के लिए सेलिब्रेशन क्लब में रखा जाना था, लेकिन देरी की वजह से अब सीधे अंतिम संस्कार के लिए लाया गया है।
  • मेडिकल रिपोर्ट्स मिलने में हो रही देर के कारण 11 बजे के बाद भी सिद्धार्थ का शव फैमिली को नहीं मिला।
  • इसके चलते उनका अंतिम संस्कार दोपहर 2 बजे के बाद ही हो सकेगा।
  • पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने कोई ओपिनियन नहीं दी है। विसरा प्रिजर्व किया गया है। हिस्टोपैथोलॉजिकल स्टडी के बाद मौत की वजह बताई जाएगी।
  • सिद्धार्थ की पोस्टमार्टम की रिपोर्ट मुंबई पुलिस को दी गई है। बॉडी पर एक्सटर्नल चोट के निशान नहीं मिले हैं।
  • सिद्धार्थ की मौत को लेकर मुंबई पुलिस थोड़ी देर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकती है।
  • मुंबई पुलिस सिद्धार्थ का विसरा फोरेंसिक जांच के लिए कलिना फॉरेंसिक लैब भेजेगी। केमिकल और एनालिसिस रिपोर्ट का भी इंतजार है।
  • ओशिवारा स्थित सिद्धार्थ के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई।

आखिरी वक्त सिद्धार्थ के साथ मौजूद थीं गर्लफ्रेंड शहनाज
सिद्धार्थ की तबीयत बुधवार रात बिगड़ गई थी। गुरुवार सुबह जब वे नहीं उठे तो फैमिली डॉक्टर को बुलाया गया था। डॉक्टर की सलाह पर उनकी बहन प्रीती और बहनोई कूपर अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिस वक्त सिद्धार्थ घर में बेसुध थे, उस वक्त शहनाज भी वहां मौजूद थीं।

मौत से ठीक एक दिन पहले सिद्धार्थ शुक्‍ला का मूवमेंट आम दिनों के मुकाबले अलग था। वे अक्‍सर डिनर घर पर ही अपनी मां के साथ करते थे। बुधवार की रात उन्‍होंने वह भी नहीं किया। सिर्फ छाछ पी और कुछ फ्रूट्स खाए। फिर तीन घंटे टीवी और मोबाइल पर शोज देखे। रात ढाई बजे मां से पानी मांगा और पानी पीकर सोने चले गए। सुबह साढ़े सात बजे उनकी मां ने कमरे में उन्‍हें पीठ के बल सोया पाया। सिद्धार्थ अक्‍सर करवट लेकर सोया करते थे। कुछ देर बाद अजीब महसूस होने पर मां ने डॉक्‍टर को बुलाया।

मौत की वजह नहीं बताई; 20 दिन बाद आने वाली फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
सिद्धार्थ शुक्ला की पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट कूपर हॉस्पिटल की ओर से मुंबई पुलिस को सौंप दी गई है। कुछ देर में आधिकारिक तौर पर मुंबई पुलिस यह खुलासा करेगी कि 40 साल के अभिनेता की मौत की असली वजह क्या थी। ओशिवारा पुलिस स्टेशन के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रिपोर्ट में सिद्धार्थ की बॉडी पर कोई भी बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं।

Adv from Sponsors