ब्रिटेन की महारानी एलिज़ाबेथ-II के पति प्रिंस फ़िलिप का शुक्रवार को निधन हो गया। वे 99 साल के थे। हाल ही में उनकी हार्ट सर्जरी हुई थी। इन्फेक्शन के बाद उन्हें किंग एडवर्ड हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। यहां 28 दिन रहने के बाद 16 मार्च 2021 को उन्हें डिस्चार्ज किया गया था। प्रिंस फ़िलिप ने जनवरी में क्वीन के साथ कोरोना वैक्सीन लगवाई थी। 10 जून, 1921 को जन्मे प्रिंस फ़िलिप दो महीने बाद अपना 100वां जन्मदिन मनाने वाले थे।

राज परिवार की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि हिज रॉयल हाइनेस द प्रिंस फ़िलिप, ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग नहीं रहे। रॉयल हाइनेस का आज सुबह विंडसर कैसल में निधन हो गया। प्रिंस फ़िलिप ने 2017 में अपनी जिम्मेदारियों से रिटायरमेंट ले लिया था। इसके बाद से वह कभी-कभार ही नजर आते थे। इंग्लैंड में कोरोना वायरस के कारण लगे लॉकडाउन के दौरान वह लंदन में विंडसर कैसल में महारानी के साथ रह रहे थे।

प्रिंस फ़िलिप के निधन पर कई देशों के प्रधानमंत्रियों ने शाही परिवार के लिए संवेदनाएं जताई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा कि देश उनके असाधारण जीवन और काम के लिए धन्यवाद देता है। देश महारानी और उनके परिवार के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रिय को खो दिया। वे एक समर्पित पति, बच्चों से प्यार करने वाले पिता, दादा और परदादा थे।
Adv from Sponsors