Kashmir Attack

दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में एक पुलिस पोस्ट पर मिलिटेंटों के हमले में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया है. यह पुलिस पोस्ट इस क्षेत्र में रहने वाले अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा के लिए स्थापित की गई थी. इस हमले के बाद मिलिटेंट चार पुलिसकर्मियों के हथियार भी ले उड़े.

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह घटना आज दोपहर के बाद हुई. सूत्रों का कहना है कि इस पुलिस पोस्ट पर चार पुलिसकर्मी तैनात थे और यह हमला अचानक हुआ जिससे उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिल पाया. तीन पुलिसकर्मियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि एक जख्मी पुलिसकर्मी को बाद में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है.

इस घटना की सूचना मिलने पर सुरक्षाबल मौके पर पहुंचे और घटना स्थल के आसपास के इलाकों की नाकाबंदी कर हमलावरों की तलाश की, पर इस कारवाई में सुरक्षाबलों को कुछ हाथ नहीं लगा. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस हमले से जुड़ी जानकारी को इकट्ठा किया जा रहा है और फिलहाल इस बारे में पुलिस के पास कोई जानकारी नहीं है.

Adv from Sponsors