ईरान द्वारा होर्मुज़ जलडमरूमध्य को दोबारा बंद किए जाने के बाद, इस घटनाक्रम पर जर्मनी के रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरीयस ने इसके लिए सीधे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को जिम्मेदार ठहराया है।

जर्मन प्रसारक एआरडी को दिए एक साक्षात्कार में पिस्टोरियस ने कहा कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य जैसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग में पैदा हुई बाधा के लिए यूरोप नहीं, बल्कि डोनाल्ड ट्रंप जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि अब अंतरराष्ट्रीय समुदाय की प्राथमिकता इस संकट का समाधान निकालकर समुद्री यातायात को सामान्य बनाना होना चाहिए।

गौरतलब है कि ट्रंप और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के बीच हुए एक प्रारंभिक समझौते के बाद तेहरान ने जलडमरूमध्य को फिर से खोलने पर सहमति जताई थी, जिससे जहाजों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य होने लगी थी। लेकिन लेबनान में इज़राइली हमलों के बाद ईरान ने शनिवार को एक बार फिर इस महत्वपूर्ण जलमार्ग को बंद करने की घोषणा कर दी।
पिस्टोरियस ने कहा कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य से सुरक्षित समुद्री आवागमन यूरोप के ऊर्जा हितों और आर्थिक पुनरुद्धार के लिए अत्यंत आवश्यक है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस मार्ग के बंद रहने से वैश्विक तेल आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर व्यापक प्रभाव पड़ेगा ।

स्रोत : अलजाजीरा

Adv from Sponsors