कोविड-19 के नए वैरिएंट के आने से इकोनॉमी की रिकवरी प्रभावित हो सकती है। इस डर से कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। सुबह 10.41 बजे बीएसई सेंसेक्स 1,322.44 अंक या 2.25% की गिरावट के साथ 57,472 के लेवल पर आ गया। वहीं निफ्टी 405.85 अंक या 2.31% गिरकर 17,130 पर पहुंच गया।

800 अंक टूटकर खुला था बीएसई का सेंसेक्स
सप्ताह के पांचवे कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर बाजार की शुरुआत बेहद खराब हुई। बीएसई का सेंसेक्स और एनएसई का निफ्टी दोनों लाल निशान पर खुले। कारोबारी दिन में सेंसेक्स 815.71 अंक या 1.39 फीसदी टूटकर 58 हजार के नीचे खुला। इसने 57979.38 के स्तर पर शुरुआत की। जबकि एनएसई के निफ्टी ने 239.60 अंक या 1.37 फीसदी की कमी के साथ 17296.65 के स्तर पर बंद कारोबार शुरू किया।

गुरुवार को बढ़त के साथ बंद हुआ था बाजार
गुरुवार को कमजोर शुरुआत के बाद दिन भी कारोबार में उतार चढ़ाव के बाद आखिरकार अंत में बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 454.10 अंक या 0.78 फीसदी बढ़कर 58795.09 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी भी 121.20 अंक या 0.70 फीसदी उछाल के साथ 17536.25 के स्तर पर बंद हुआ था।

एशियाई बाजारों में भी गिरावट
एशियाई बाजारों में भी गिरावट देखने को मिल रही है। निक्केई 225 में 2% से ज्यादा की कमजोरी है। स्ट्रेट टाइम्स और हैंगसेंग में 1% से ज्यादा गिरावट है। ताइवान वेटेड, कोस्पी और शंघाई कंपोजिट में भी कमजोरी नजर आ रही है। अमेरिकी बाजार गुरुवार को बंद थे, लेकिन आने वाले दिनों में इस पर नजर रहेगी क्योंकि महंगाई और लेबर डेटा आने वाले हैं।

 

Adv from Sponsors