उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में बीते एक हफ्ते में डेंगू जैसे बुखार की वजह से लगभग 40 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 32 बच्चे भी शामिल हैं। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संदिग्ध डेंगू के इलाज और इससे बचाव के उपायों की समीक्षा के लिए सोमवार को सरकारी अस्पताल का दौरा किया। आगरा के संभागीय आयुक्त अमित गुप्ता ने कहा, ‘बीते एक हफ्ते में फिरोजाबाद में इससे लगभग 40 मौतें हुई हैं। मौत का प्राथमिक कारण डेंगू लग रहा है लेकिन इसके साथ ही अन्य कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।’

फिलहाल, लगातार मरीजों की बढ़ती संख्या से अस्पतालों में हालात भयावह होते जा रहे हैं। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च यानी ICMR की टीम ने भी मृतक और बीमार बच्चों का सैंपल लिया था। आशंका थी कि कहीं कोरोना के किसी नए वैरिएंट से तो मौतें नहीं हो रही हैं। हालांकि, अब तक की रिपोर्ट में एक भी कोरोना का केस नहीं मिला है।

सीएम योगी के 3 बड़े आदेश

1. CMO डॉ. नीता कुलश्रेष्ठ को हटाकर उनकी जगह डॉ. दिनेश कुमार प्रेमी को चार्ज सौंपा गया।
2. जांच के लिए 11 विशेषज्ञ डॉक्टर्स की टीम फिरोजाबाद जाएगी। ये टीम बच्चों का इलाज करेगी और बीमारी का कारण पता लगाएगी।
3. सभी बच्चों का इलाज बिल्कुल मुफ्त होगा।

हर घंटे 8-10 बच्चे अस्पताल में भर्ती हो रहे
फिरोजाबाद के जिला अस्पताल में हालात खराब होते जा रहे हैं। यहां हर घंटे 8 से 10 बीमार बच्चे भर्ती किए जा रहे हैं। इससे बेड का संकट होने लगा है। शहर में सत्य नगर टापा कला के रहने वाले राजीव की 12 साल की बेटी नंदनी की इस अनजान बुखार से मौत हो गई। राजीव ने बताया कि दो दिन पहले उनकी बेटी को बुखार आया था। अस्पताल में भर्ती किया लेकिन जान नहीं बची।

सहारनपुर में भी अनजान बीमारी का कहर है। यहां के टपरी कला गांव के लगभग हर घर में एक व्यक्ति बुखार से पीड़ित है। पिछले शनिवार को एक दिन के अंदर 4 लोगों ने यहां दम तोड़ दिया था। 100 से ज्यादा लोग अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। 12 लोग हायर सेंटर पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज करा रहे हैं।

गांव के ही जावेद (25) को कुछ दिन पहले हल्का बुखार और सिर दर्द था। इस कारण उसने गांव के ही एक छोलाछाप डॉक्टर से दवाई ली थी। बुखार तो कुछ समय के लिए उतर गया। लेकिन अगले दिन फिर से हो गया। पिता अकरम का कहना है कि बेटे जावेद को बुखार आने पर निजी अस्पताल में ले गए लेकिन चिकित्सक ने कुछ दिन रखने के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।

Adv from Sponsors