भारत में पिछले 24 घंटे में 39,396 नए कोरोना केस मिले हैं और 723 लोगों की मौत हुई है। इस दौरान 42,352 मरीजों को बीमारी से उबरने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई है। लगातार 53वें दिन रोजाना स्वस्थ मरीजों की संख्या नए मामलों से अधिक रही है। भारत में कोरोना का रिकवरी रेट भी बढ़कर 97.11 फीसदी हो गया है। देश में एक्टिव केस की तादाद लगातार पांच लाख से बनी हुई है। एक्टिव केस का आंकड़ा फिलहाल 4,82,071 पर है। एक्टिव केस (Active cases) देश के कुल मामलों का 1.58 फीसदी रह गया है। अब तक देश में 2,97,00,430 मरीज कोरोना महामारी से उबर चुके हैं। देश में कोविड वैक्सीनेशन की नई पॉलिसी 21 जून से लागू की गई है। अब तक 35.28 करोड़ लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई जा चुकी है।

राहत की एक बात यह भी रही कि रविवार को देश में 19 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 10 से भी कम लोगों की जान गई। यानी यहां मौतों का आंकड़ा दहाई से भी कम रहा। वहीं, 7 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कोरोना के चलते एक भी मौत नहीं हुई।

यहां 10 से भी कम मौतें
दिल्ली, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश, बिहार, तेलंगाना, पंजाब, झारखंड, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, गोवा, पुडुचेरी, मणिपुर, त्रिपुरा, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड।

यहां एक भी मौत नहीं
चंडीगढ़, नगालैंड, मिजोरम, सिक्किम, दादरा-नगर हवेली और दमन-दीव, लक्षद्वीप और अंडमान निकोबार।

10 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 10 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

21 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यहां पाबंदियां के साथ छूट भी है। इनमें केरल, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

Adv from Sponsors