हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश जारी है। बारिश की वजह से मनाली घाटी में व्यास नदी सहित सभी नदी नाले उफान पर हैं। व्यास नदी में पानी बढ़ने से पतलीकूहल में नदी में दो लोग फंस गए थे, जिन्हें रेस्क्यू कर लिया गया है। बता दें कि लगातार हो रही बारिश से व्यास नदी का जलस्तर बढ़ गया है। जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे रहने वाले लोग भी चिंतित हो गए हैं। नेहरुकुण्ड, बाहंग, रांगड़ी, आलू ग्राउंड, क्लॉथ, ब्राण, 15 मील, डोभी विहाल और रायसन के आसपास रह रहे लोग चिंतित हो गए है।

जानकारी के मुताबिक, मनाली घाटी के पास बाहंग में खोखो में रह रहे नेपाली मूल के लोगो ने अपने खोखे खाली कर दिए हैं। पतलीकूहल में दो लोग टीपर सहित व्यास नदी में फंस गए थे। हालांकि मनाली घाटी में नुकसान की अभी कोई सूचना नही हैं। लेकिन, मौसम के मिजाज ऐसे ही रहे तो दिक्कत बढ़ सकती है। मनाली प्रशासन सतर्क है और  हालात पर नजर रखे हुए हैं।

एसडीएम मनाली अमित गुलेरिया ने बताया कि पतलीकूहल में नदी में फंसे दो लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश से नदी जलस्तर बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वो नदी नालों से दूरी बनाए रखें।

 

 

Adv from Sponsors