बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस सुरेखा सीकरी का 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। सुरेखा सीकरी का निधन कार्डियक अरेस्ट से हुआ है। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता सुरेखा सीकरी ने बधाई हो में दादी के किरदार से जमकर सुर्खियां बटोरी थीं और दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब रही थीं। इसके अलावा सुरेखा सीकरी ने बालिका वधू में दादी सा का किरदार निभाया था जिसे खूब पसंद किया गया था। सुरेखा सीकरी के निधन पर शोक जताते हुए बॉलीवुड एक्ट्रेस दिव्या दत्ता ने ट्वीट किया है और लिखा है, ‘भगवान आपकी आत्मा को शांति दे सुरेखा जी। मैं आपको हमेशा याद करती रहूंगी। बहुत बड़ा नुकसान!! आपका टैलेंट कमाल का था। ‘

अभिनेत्री के मैनेजर ने उनके निधन की पुष्टि की है। मैनेजर ने बताया कि दुख की बात है कि सुरेखा जी नहीं रहीं। 75 साल की उम्र में आज सुबह उनका देहांत हो गया। दूसरे ब्रेन स्ट्रोक के बाद वह काफी परेशानी में थीं। ब्रेन स्ट्रोक के बाद सुरेखा पर इलाज का तेजी से असर नहीं हो रहा था। वह लंबे समय तक अस्पताल में रही थीं। उनके फेफड़ों में पानी भर गया था और दवाईयों का जैसा असर उनपर होना चाहिए वैसा नहीं हो रहा था। ब्रेन स्ट्रोक के कारण बने क्लॉट को इलाज के जरिए निकाल दिया गया था।

खबरों की मानें तो साल 2020 में सुरेखा ब्रेन स्ट्रोक का शिकार हुई थीं। वहीं, बताया जा रहा है कि एक्ट्रेस का निधन आज कार्डियक अरेस्ट की वजह से हुआ है। वह दूसरे ब्रेन स्ट्रोक की वजह से हुए कॉम्पलीकेशन्स से जूझ रही थीं।

सुरेखा सीकरी ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1978 की फिल्म किस्सा कुर्सी का से की थी । यही नहीं उन्हें तमस (1988), मम्मो (1995) और बधाई हो (2018) के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका था। सुरेखा सीकरी ने ‘बालिका वधू’ सीरियल में दादी सा का किरदार निभाया था और इस किरदार से उन्होंने जमकर लोकप्रियता हासिल की थी।

Adv from Sponsors