गोरखपुर: प्रॉपर्टी की लालच में इंसान किस हद तक नीचे गिर सकता है इसका उदाहरण उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में देखन को मिला। जहां भाई की मौत के बाद उसके चिता की तैयारी चल रही थी। मृत शरीर श्मशान घाट पहुंच गया था। सभी लोग मृतक के अंतिम दर्शन कर रहे थे और मृतक के परिवार को ढांढ़स बंधा रहे थे।

इसी बीच छोटे भाई ने मृत पड़े बड़े भाई के अंगूठे का निशान सादे कागज पर लेने लगा। मानवता और रिश्तों को शर्मशार करने वाली इस घटना को जिसने भी देखा उसने छोटे भाई को धिक्कारा। वहां मौजूद कुछ लोगों ने इसका वीडियाे बना लिया। उधर मृतक की पत्नी नें अपने देवर व अन्य खिलाफ इसकी तहरीर पर दे दिया है।

ग्राम मझवन खुर्द निवासी पूर्व प्रधान विशम्भर उर्फ कल्लू (70) की मृत्यु हो गई। उनके शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव के पूरब स्थित राप्ती नदी के तट पर ले जाया गया, जहां उनके छोटे भाई राम पदारथ व अन्य ने शव स्टैंप पेपर पर मृतक के दाहिने हाथ का अंगूठा निशान ले लिया। इस कृत्य की जानकारी मृतक की पत्नी मंजू देवी को हुई तो वह थाने पहुंची और घटना की तहरीर दी।

बताते हैं कि विशम्भर की पहली पत्नी डेढ़ दशक पूर्व मर चुकी थी। इसके बाद उन्होंने मंजू देवी से शादी की। मंजू से दो पुत्र और पांच पुत्रियां हैं। चर्चा है कि विशम्भर की संपत्ति को लेकर छोटे भाई ने ऐसा किया है। पुलिस को दिए तहरीर में पत्नी मंजू ने आरोप लगाया है कि लोग उसके साथ कोई अप्रिय घटना भी कर सकते हैं। थाने के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार राव ने कहा कि तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।

Adv from Sponsors