प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 10:30 बजे कोरोना पर बैठक करेंगे। मीटिंग में सरकार के टॉप अधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान कोविड-19 की स्थिति और वैक्सीनेशन पर चर्चा होगी। मोदी की ओर से यह बैठक ऐसे समय बुलाई गई है जब अफ्रीका में मिले कोरोना के नए वैरिएंट ने चिंता बढ़ा दी है।

दक्षिण अफ्रीका में मिले मल्टीपल म्यूटेशन वाले कोविड वैरिएंट को लेकर दुनियाभर के देश डर गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इंफेक्शियस डिजीज ने बताया- देश में इस वैरिएंट के अब तक 22 केस मिले हैं। वैज्ञानिकों ने इसे B.1.1.529 नाम दिया है। इसे वैरिएंट ऑफ सीरियस कंसर्न बताया है।

कोरोना की स्थिति का लेंगे जायजा 
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक बैठक में पीएम मोदी देश में कोरोना की स्थिति और टीकाकरण की समीक्षा करेंगे और टीकाकरण की गति बढ़ाने के लिए भी कुछ जरूरी निर्देश दे सकते हैं।

जारी किया जा चुका है अलर्ट 
दक्षिण अफ्रीका में पाए गए कोरोना के नए वैरिएंट के बीच कई देशों ने अपने-अपने देश की हवाई उड़ानों को फिर से प्रतिबंधित कर दिया है। इस बीच भारत में भी अलर्ट जारी किया गया है और नए वैरिएंट के खतरे से बचने के लिए दक्षिण अफ्रीकी देश से आने वाले यात्रियों का गहन परीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि कोरोना का नया वैरिएंट डेल्टा व डेल्टा प्लस से कई गुना ज्यादा संक्रामक है।

अभी तक कहां-कितने केस मिले हैं?

  • सबसे पहले दक्षिण अफ्रीका में इस वैरिएंट के केस मिले थे। वहां अब तक इस वैरिएंट से 77 लोग इंफेक्ट हो गए हैं। बोत्सवाना में भी 4 लोग इस वैरिएंट से इंफेक्टेड मिले हैं। चिंता वाली बात ये है कि बोत्सवाना में पूरी तरह वैक्सीनेटेड लोग भी इसकी चपेट में आ गए हैं।
  • साथ ही हॉन्ग कॉन्ग में भी इस नए वैरिएंट के 2 केस मिले हैं। फिलहाल दोनों मरीजों को आइसोलेशन में रखा गया है और निगरानी की जा रही है।
  • इजराइल में भी इस वैरिएंट से इंफेक्टेड एक केस की पुष्टि हुई है। इंफेक्टेड व्यक्ति दक्षिण अफ्रीकी देश मलावी से लौटा है।

क्या वैक्सीन इस पर असर नहीं करेगी?
ऐसा माना जा रहा है। चूंकि वैक्सीन को चीन में मिले वायरस के हिसाब से बनाया गया है, लेकिन ये स्ट्रैन उस मूल वायरस से अलग है। हो सकता है कि इस वैरिएंट पर वैक्सीन इफेक्टिव न हो। इफेक्टिव हो भी तो उसकी एफिकेसी कम हो सकती है। हालांकि, इस बारे में अभी कुछ भी पुख्ता जानकारी नहीं है।

Adv from Sponsors