महाराष्ट्र में अब सचिन वझे के मामले में नई लड़ाई शुरू हो रही है। राज्य सरकार ने मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह को घेरने की तैयारी कर ली है। सरकार परमबीर सिंह की अलग से जांच करवा रही है। इसका जिम्मा परमबीर सिंह के कट्‌टर विरोधी सीनियर IPS संजय पांडे को दिया गया है।

सरकार ने संजय पांडे को पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है। शुक्रवार देर रात इसकी घोषणा हुई। संजय पांडे को यह जिम्मेदारी देने के पीछे परमबीर सिंह की जांच बड़ी वजह है। कई साल से पुलिस कैडर से बाहर रहे संजय पांडे को इतनी आसानी से डीजी का अतिरिक्त चार्ज मिलना ही मुश्किल था। खासकर जब अगले साल उनका रिटायरमेंट है।

बताया जा रहा है कि जिस ठाकरे सरकार पर संजय पांडे ने इतने आरोप लगाए, वह सरकार अचानक कैसे उन्हें डीजी का अतिरिक्त चार्ज दे सकती है? यही असली कहानी है कि सरकार परमबीर सिंह को निपटाने के लिए दोनों विरोधियों को आपस में लड़ा रही है। सरकार अब परमबीर सिंह से निपटने के मूड में है। इस पूरे मामले में मोहरा बने सचिन वझे के साथ अब परमबीर सिंह को भी लपेटा जाएगा।

संजय पांडे को पिछले महीने महाराष्ट्र सिक्योरिटी फोर्स में भेजा गया था। तब वे ठाकरे सरकार के खिलाफ हाईकोर्ट चले गए थे। मामला बोर्ड के पास चला गया, लेकिन कहा जा रहा है कि इसी बीच सरकार और पांडे में डील हुई। इसके बाद ही संजय पांडे ने केस का फॉलोअप करना छोड़ दिया। संजय पांडे प्रदेश में सबसे सीनियर IPS अधिकारी हैं। वह 1986 बैच के IPS हैं। मार्च में जब उनका ट्रांसफर हुआ तो वे 20 दिन की छुट्‌टी पर चले गए थे। उन्होंने महाराष्ट्र सिक्योरिटी फोर्स ज्वॉइन नहीं की। साथ ही ठाकरे सरकार को एक लंबी चिट्‌ठी लिखी।

संजय पांडे ने चिट्‌ठी में लिखा था कि परमबीर सिंह ने ADG देवेन भारती की जांच में गवाहों को धमकाया था। अतिरिक्त सचिव ने इस मामले में जांच रुकवा दी थी। पांडे ने लिखा था कि अनिल देशमुख ने गृहमंत्री रहते हुए भारती की जांच का आदेश दिया था। जब जांच रिपोर्ट सौंपी गई तो इसकी तारीफ शरद पवार से लेकर सभी ने की। इसके बावजूद परमबीर और अतिरिक्त सचिव ने जांच रुकवा दी।

कहा तो यह जा रहा है कि सचिन वझे के जरिए परमबीर सिंह पर यह आरोप साबित किया जा सकता है कि उन्होंने अपने कर्तव्यों को पूरा नहीं किया। इसकी जवाबदारी परमबीर सिंह की थी कि वह अधिकारी पर नजर रखें। पुलिस विभाग में अमूमन इस तरह के मामलों में बड़े अधिकारियों का भी तबादला कर दिया जाता है।

Adv from Sponsors