दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सोमवार को एक दिन की गुजरात यात्रा पर हैं। वे सुबह करीब 10:30 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वे सीधे शाहीबाग सर्किट हाउस के लिए निकल गए। एयरपोर्ट पर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

आम आदमी पार्टी के मुखिया केजरीवाल इसके बाद आश्रम रोड स्थित वल्लभ सदन भगवान श्री कृष्ण मंदिर पहुंचेंगे और यहां दर्शन करने के बाद आश्रम रोड पर बने आप पार्टी के नए प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन करेंगे।

सूरत महानगर पालिका चुनाव में 27 सीटें जीतने के बाद आम आदमी पार्टी काफी उत्साहित है। हाल ही में सूरत भाजपा के करीब 300 कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं। इसके अलावा गुजराती पत्रकार ईश्वरदान गढ़वी के सोमवार को केजरीवाल की उपस्थिति में आम आदमी पार्टी में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं।

भाजपा ने मंगलवार को पार्टी विधायकों की गांधीनगर में बैठक बुलाई है। इस बारे में आप के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया का कहना है कि हमारी पार्टी के नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गुजरात यात्रा से भाजपा में खलबली मच गई है।

केजरीवाल एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित करेंगे। गुजरात में अगले साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। केजरीवाल की यात्रा को इससे जोड़कर देखा जा रहा है।

Adv from Sponsors