अनुनय सोसायटी द्वारा सम्मानित होंगी महिलाएं

भोपाल। अपने फन का जौहर रखने वाली महिलाओं को समाज के लिए उनके योगदान पर सम्मान से नवाजा जाएगा। अनुनय एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी द्वारा मंगलवार को यह आयोजन किया जाएगा। जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में अपनी खास पहचान और योगदान रखने वाली महिलाएं सम्मानित होंगी। कार्यक्रम की खासियत यह भी है कि सम्मानित करने वाले मेहमान भी महिलाएं होंगी। यह मेहमान महिलाएं भी अपनी खास पहचान और रसूख समाज में रखती हैं।

अनुनय एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी की अध्यक्ष माही भजनी ने बताया कि संस्था इस वर्ष अपने स्थापना के 10 साल का जश्न मना रही है। इसे ध्यान में रखते हुए संस्था ने भोपाल एवं मध्यप्रदेश की ऐसी महिलाओं को ऊर्जस्विता सम्मान 2021 से सम्मानित करने का फैसला किया है, जो अपने-अपने क्षेत्र में विशेष महारत रखती हैं। उन्होंने अपने प्रयासों से समाज में अपना अमूल्य योगदान दिया है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मंत्री उषा ठाकुर रहेंगी। जबकि कार्यक्रम की विशेष अतिथि के तौर पर गोविंदपुरा विधायक कृष्णा गौर मौजूद रहेंगी। इनके अलावा रिटायर्ड-आईएफएफ अधिकारी डॉ. एके भट्टाचार्य और पब्लिक रिलेशन सोसायटी ऑफ इंडिया के चैयरमेन पुष्पेंद्र पाल सिंह भी बतौर मेहमान कार्यक्रम में उपस्थित होंगे। कार्यक्रम सेकंड स्टॉप स्थित नर्मदा भवन में शाम 5.30 बजे होगा।

इन्हें मिलेगा सम्मान

माही भजनी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान भूरी बाई (आर्ट एंड कल्चर), डॉ. रुपाली बजाज (शिक्षा), श्रुति अग्रवाल (शिक्षा), दीप्ति चौरसिया (मीडिया), शैफाली पांडेय (मीडिया), जूही गर्ग (प्रशासनिक), पूनम श्रोती (सामाजिक), मोना कौरव (राजनीति), सोमा राजे (पर्यटन), आरजे पीहू (मनोरंजन), अनुभा सिंघई (स्टार्ट अप), डॉ. नीलम चौधरी (स्वास्थ्य), पूजा प्रजापति (यंग अचीवर), दामिनी जैन (इंटीरियर डिजाइनर), मोनिका वर्मा (डिजाइनर), माधुरी मिश्रा (लाइफ टाइम अचीवमेंट) आदि को सम्मानित किया जाएगा।

खान आशु

Adv from Sponsors