लगातार भाजपा पर हमलों कि वजह से पार्टी से निलंबित चल रहे बिहार के मिथलांचल से लोकसभा सांसद कीर्ति आजाद 15 फरवरी को कांग्रेस में शामिल होंगे। भाजपा के टिकट पर बिहार की दरभंगा सीट से सांसद आजाद को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता दिलाई जाएगी।

बताया जा रहा है कि आजाद कांग्रेस में बड़ी ज़िम्मेदारी भी दी जाएगी। उनके पार्टी शामिल होते ही उन्हें पूरे मिथलांचल की ज़िम्मेदारी सौंपी जाएगी। पार्टी में होने के बाद कीर्ति आज़ाद दरभंगा जाएंगे और समर्थकों, कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर आगे की रणनीति तय करेंगे।

कीर्ति लगातार दो सालों से केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के खिलाफ हमलावर रहें है और जेटली के ख़िलाफ़ लगातार बयानबाजी के चलते भाजपा ने 2015 में उन्हें निलंबित कर दिया था। उनके पिता भागवत झा आजाद बिहार कांग्रेस के बड़े नेता थे और राज्य के मुख्यमंत्री भी रहे थे।

हालांकि, कीर्ति के कांग्रेस में शामिल होने और दरभंगा से उम्मीदवारी जताने से महागठबंधन के कई नेताओं का चुनावी गणित गड़बड़ा सकता है। दरअसल, इस सीट से विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश साहनी की दावेदारी पक्की मानी जा रही थी।

Adv from Sponsors