-आखिरी तारीख तक तादाद थी बेहद कम

भोपाल। जायरीन-ए-हज के लिए राहत भरी खबर है। हज कमेटी आॅफ इंडिया ने हज आवेदन की अंतिम तिथि एक माह और बढ़ा दी है। अब हजयात्रा 2021 पर जाने के इच्छुक व्यक्ति 10 जनवरी तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। पहले 10 दिसंबर तक ही अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी। इस साल हज आवेदन की प्रक्रिया 7 नवंबर से शुरू हुई है। आॅनलाइन आवेदन की प्रक्रिया के बाद कुर्रा निकालने, यात्रा किराया जमा करने की प्रक्रियाएं शुरू होंगी।
जानकारी के मुताबिक हज आवेदन की आखिरी तारीख 10 दिसंबर तक देशभर से करीब 40 हजार से ज्यादा आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इस दौरान मुस्लिम महिलाओं द्वारा बिना मेहरम के 500 से ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए हैं। इम्बार्केशन पॉइंट के अनुसार हज 2021 के खर्च के आंकलन एवं सऊदी अरब से प्राप्त फीडबैक के आधार पर प्रति हजयात्री सम्भावित खर्च भी कम किया गया है। अहमदाबाद और मुम्बई इम्बार्केशन पॉइंट्स से जाने वाले हजयात्रियों का अनुमानित खर्च करीब 3 लाख 30 हजार रूपए, बंगलुरु, लखनऊ, दिल्ली और हैदराबाद इम्बार्केशन पॉइंट्स से जाने वाले हजयात्रियों का अनुमानित खर्च लगभग 3 लाख 50 हजार रूपए होगा। कोच्चि एवं श्रीनगर इम्बार्केशन पॉइंट्स से जाने वाले हजयात्रियों का अनुमानित खर्च करीब 3 लाख 60 हजार रूपए, कोलकाता से जाने वाले हजयात्रियों का लगभग 3 लाख 70 हजार रूपए और गुवाहाटी इम्बार्केशन पॉइंट से जाने वाले हजयात्रियों का अनुमानित खर्च लगभग 4 लाख रूपए होगा। कोरोना महामारी के चलते दिशानिर्देशों को ध्यान में रखते हुए हज 2021 के लिए व्यवस्थाओं में बड़े पैमाने पर परिवर्तन किया गया है। इनमें भारत एवं सऊदी अरब में आवास, सऊदी अरब में हजयात्रियों के ठहरने की अवधि, यातायात, स्वास्थ्य एवं अन्य व्यवस्थाएं शामिल हैं।
अब एक ग्रुप में तीन सदस्य ही जा सकेंगे
कोरोना के मद्देनजर अब एक ग्रुप में तीन सदस्य ही जा सकेंगे। पहले एक ग्रुप में 5 सदस्य जा सकते थे। सफर की अवधि भी इस बार घट गई है। पहले जहां 40 से 45 दिन का होता सफर होता था। अब हज यात्रा 30 से 35 दिन में ही पूरी हो जाएगी।

Adv from Sponsors