राजधानी दिल्ली में लोक जन शक्ति पार्टी (लोजपा) के सांसद प्रिंस राज के खिलाफ रेप से जुड़े एक मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने सांसद के खिलाफ मामला दर्ज किया। प्रिंस राज बिहार के समस्तिपुर से सांसद हैं।

बता दें कि 3 महीने पहले पीड़िता ने थाने में अपनी शिकायत दी थी, लेकिन तब पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। जिसके बाद पीड़िता ने मदद के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने 9 सितंबर को सांसद के खिलाफ मामला दर्ज किया।

बता दें कि प्रिंस राज पासवान लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान के चचेरे भाई हैं, जबकि केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस पासवान के भतीजे हैं। पीड़िता द्वारा कुछ वक्त पहले दिल्ली के कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई गई थी। पीड़िता के मुताबिक, वह लोजपा की कार्यकर्ता थी। पीड़िता द्वारा आरोप लगाया गया था कि बेहोशी के हालत में उसके साथ शोषण किया गया था।

चिराग पासवान पर क्या है आरोप
पीड़िता ने एफआईआर में कहा है कि वह 15 जनवरी को चिराग से मिलने गई थी और उसने ये बात उन्हें भी बताई थी लेकिन उन्होंने इस शिकायत पर ध्यान नहीं दिया। बाद में चिराग ने पीड़िता को किसी तरह की शिकायत करने से भी मना किया था। पीड़िता का आरोप है कि चिराग ने पार्टी अध्यक्ष के पद पर रहते हुए भी इस मामले में संज्ञान नहीं लिया था।

क्या कहते हैं प्रिंस पासवान
प्रिंस पासवान पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों से इनकार कर चुके हैं। पीड़िता का आरोप है कि वह लोजपा की सदस्य रह चुकी है। उसके साथ बेहोशी की हालत में यौन शोषण किया गया था। खबर है कि खुद प्रिंस पासवान की तरफ से भी इस मामले में एक एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। प्रिंस ने अपने एफआईआर में दावा किया है कि युवती ने उन पर झूठे आरोप लगाए हैं। प्रिंस ने इस मामले में 17 जून को ट्वीट कर भी अपने खिलाफ लगे आरोपों को गलत बताया था।

 

Adv from Sponsors