नयी दिल्ली: 2019 का लोकसभा चुनाव कई मायनों में खास होने वाला है। एक तरफ जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की साख दावं पर लगी है और बीजेपी सत्ता में वापसी का दावा कर रही है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने लोकसभा चुनावों में बड़ा दावं खेलते हुए प्रियंका गांधी को मैदान में उतारा है। कांग्रेस पार्टी ने प्रियंका गांधी को पार्टी का महासचिव बनाते हुए उत्तर प्रदेश की ज़िम्मेदारी सौपी है खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश की।
80 लोकसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश के बारे में कहा जाता है कि अगर किसी पार्टी ने उत्तर प्रदेश की जनता को साध लिया तो केंद्र की सत्ता उससे ज्यादा दूर नही है क्योंकि केंद्र में सरकार बनाने के लिए जितनी सीटों की आवश्यकता होती है उसकी एक तिहाई सीटें अकेले यूपी से आती हैं। यही वजह है कि  जहां कांग्रेस के लिए उत्तर प्रदेश में बीजेपी के वर्चश्व को खत्म करना बड़ी  चुनौती है तो वहीं सूबे में ‘मोदी लहर’ बनाये रखना बीजेपी के लिए किसी अग्नि परीक्षा से कम नही है।
खासकर जब काँग्रेस पूरे दमखम के साथ चुनाव मे कूदने का मन बना चुकी है। वहीं प्रियंका गांधी को पार्टी का महासचिव बनाए जाने के बाद “टीम प्रियंका'” के लिए चेहरों की तलाश शुरू हो चुकी है। हालांकि सूत्रों का कहना है प्रियंका की कोर टीम में चार पाँच लोग ही होंगे। लेकिन  अंदरखाने जो बात निकाल कर आ रही है उसके मुताबिक इस लिस्ट में  जो दो नाम सबसे आगे चल रहे हैं उनमें से एक हैं रायबरेली से कांग्रेस की विधायक अदिति सिंह, जो की प्रियंका गांधी की भी पहली पसंद बताई जा रही हैं। वहीं इस लिस्ट मे दूसरा नाम है किशोरी लाल शर्मा का जो कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सचिव के पद पर हैं।
इसके अलावा  कहा जा रहा है कॉंग्रेस के एमएलसी दीपक सिंह को भी प्रियंका गांधी की टीम मे अहम ज़िम्मेदारी मिल सकती है जो अमेठी में कांग्रेस के प्रचार-प्रसार का जिम्मा संभालते हैं। जबकि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर को लेकर कहा जा रहा है की संगठन स्तर से मदद के लिए वे भी प्रियंका गांधी की चुनावी टीम मे शामिल रहेंगे।
अगर सूत्रों की मानें तो सोशल मीडिया और डिजिटल प्रमोशन के लिए प्रियंका गांधी अपनी एक अलग टीम रखेंगी। हालांकि इस टीम मे कौन कौन से चेहरे शामिल होंगे उसके बारे मे  अभी कुछ कहा नहीं जा सकता। लेकिन पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक इसके लिए  धीरज श्रीवास्तव का नाम सामने आ रहा है जो प्रियंका गांधी के  मीडिया से जुड़े कामों को देखते हैं।
Adv from Sponsors