उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर का सोमवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। इसके लिए अलीगढ़ में उनकी अंतिम यात्रा शुरू हो चुकी है। रविवार को लखनऊ में अंतिम दर्शन के बाद पार्थिव शरीर को महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम में रखा गया था। आज अतरौली के नरौरा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पार्थिव देह को अलीगढ़ के महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम अब अतरौली में उनके पैतृक गांव लाया गया है। अतरौली में उनकी पार्थिव देह को एनेक्सी भवन में रखा गया है। इससे पहले अलीगढ़ में सड़क के दोनों तरफ खड़े होकर अपने बेहद लोकप्रिय नेता का अंतिम दर्शन कर रहे थे। बाबू जी की याद में हर आंख नम हो गयी थीं।

स्टेडियम में भी अंतिम दर्शन के लिए आते रहे लोग
अलीगढ़ में सूर्य प्रताप शाही, संतोष गंगवार, रामशंकर कठेरिया सहित कई विधायक और सांसद सुबह सवेरे स्टेडियम में कल्याण सिंह का अंतिम दर्शन करने के लिए पहुंचे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सतत निगरानी में यहां पर लोग कल्याण सिंह की पार्थिव देह का अंतिम दर्शन कर रहे थे। प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्यप्रताप शाही, भाजपा नेता संतोष गंगवार व मेयर मोहम्मद फुरकान ने पूर्व मख्यमंत्री कल्याण सिंह को श्रद्धासुमन किया। उनके अंतिम संस्कार के समय गृह मंत्री अमित शाह के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भी आने का कार्यक्रम है। अंतिम संस्कार में राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र के भी आने की संभावना है।

कल्याण सिंह के नाम पर हो सकता है अलीगढ़ एयरपोर्ट 
संभावना जताई जा रही है कि अलीगढ़ एयरपोर्ट का नाम भी पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाम पर रखा जा सकता है।

वैदिक रीति रिवाज से होगा अंतिम संस्कार
कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार वैदिक रीति रिवाज से किया जाएगा। आचार्यों में रणधीर शास्त्री, दीपक शास्त्री, आचार्य अविनाश शास्त्री, महेंद्र देव हिमांशु, मवासी सिंह शास्त्री, नरपत सिंह, सुभाष कुमार आर्य, मनोज कुमार शास्त्री, जनेश कुमार, सत्यप्रकाश शामिल रहेंगे।

25 किलो चंदन की लकड़ी की व्यवस्था की गई
बुलंदशहर के नरौरा में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के दाह संस्कार के लिए 25 किलो चंदन की लकड़ी की व्यवस्था की गई है। आर्य समाज के 11 आचार्य अंतिम संस्कार वैदिक रीति रिवाज से सम्पन्न कराएंगे। बताया गया है कि चंदन, ढक, पीपल व आम की लकड़ी का उपयोग किया जाएगा।

 

Adv from Sponsors