कोरोना की दूसरी लहर दिन पर दिन खतरनाक होती जा रही है। देश में शनिवार को एक लाख 52 हजार 565 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। महामारी की शुरुआत के बाद से पहली बार एक दिन में इतने ज्यादा संक्रमितों की पहचान हुई है। पिछले 24 घंटे में 90,328 लोग ठीक भी हुए और 838 लोगों की मौत हुई। मौत के मामले में इस साल दूसरी बार एक दिन में 800 या इससे ज्यादा लोगों ने जान गंवाई है। इससे पहले 8 अप्रैल को 802 लोगों की मौत हुई थी।

देश में एक्टिव केस यानी कोरोना का इलाज करा रहे मरीजों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ रहा है। बीते दिन इसमें 61,329 की बढ़ोतरी रिकॉर्ड हुई और एक्टिव केस का आंकड़ा 11 लाख 2 हजार 370 तक पहुंच गया है

देश में अब तक 1 करोड़ 33 लाख 55 हजार से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 20 लाख 78 हजार लोग ठीक हो चुके हैं। 1 लाख 69 हजार 305 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 10 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।

रिकवरी रेट में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। दो दिन के अंदर ये 91.76% से घटकर 90.4% रह गया। पिछले तीन हफ्ते के अंदर इसमें करीब 8% की गिरावट दर्ज की गई है। सबसे कम छत्तीसगढ़ में 79.1% और महाराष्ट्र में 82.2% मरीज रिकवर हुए हैं।

Adv from Sponsors