नालंदा: अपराधियों ने बिहार में एक बार फिर सुशासन की पोल खोलकर रख दी है। मुख्यमंत्री नितीश कुमार के गृह जिला नालंदा में एक वरिष्ठ पत्रकार के बेटे की हत्या कर दी गई। पीड़ित को मारने से पहले आरोपी ने पहले उसे अंधा किया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) नालंदा नीलेश कुमार ने बताया, ‘उसकी आंखों से खून बह रहा है। इसके अलावा शरीर पर कोई चोट नहीं दिख रही है। मौत का कारण पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा। जांच जारी है।’

मृतक की पहचान चुन्नू कुमार के रूप में की गई। कुमार के पिता एक प्रतिष्ठित मीडिया संगठन के साथ काम करते हैं। इस संबंध में जांच चल रही है। मृतक की उम्र 15 साल बताई जा रही है। नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव के पास एक तालाब में उसका शव मिला। पुलिस ने कहा कि लड़का दोपहर बाद घर नहीं लौटा था।

मृत किशोर बिहारशरीफ के वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष कुमार आर्य का 15 वर्षीय पुत्र चुन्नू कुमार था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव देखने से प्रतीत हो रहा है कि युवक की दोनों आंखें फूटी हुई हैं। ऐसे में आशंका है कि बदमाशों ने किशोर की बेरहमी से हत्या के बाद उसके दोनों आंख को फोड़ दिया है।

सूत्रों के मुताबिक, मृतक मानसिक रूप से कुछ कमजोर था। रोजाना की तरह वह इधर-उधर से टहलने के बाद दोपहर में घर लौटा था। इसके बाद वह दोबारा घर से बाहर किसी काम के लिए निकल गया, लेकिन देर संध्या वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी इधर-उधर खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चला।

इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने तालाब में एक किशोर का शव देखा। इसके बाद यह खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गयी। इसके बाद शव को बाहर निकाला गया, तो उसकी पहचान हसनपुर के चुन्नू के रूप में की गयी। हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। शव को पुलिस कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम करने के लिए सदर अस्पताल में भेजने में जुटी है। इधर, घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। इधर, एसपी नीलेश कुमार ने बताया कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।

 

Adv from Sponsors