तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन के बीच किसानों ने आज भारत बंद बुलाया है। बंद का असर अब दिखने लगा है। कई नेशनल और स्टेट हाईवे ब्लॉक कर दिए गए हैं। कई रूट डायवर्ट करने पड़े हैं। ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित है। दिल्ली से जाने वाले कई ट्रेनें रद्द की गई हैं। प्रदर्शनकारी किसानों की योजना सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक चक्का जाम रखने और विरोध प्रदर्शन करने की है। हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में इस बंद का ज्यादा असर दिखाई दे रहा है।

कांग्रेस, RJD, आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी पार्टी और लेफ्ट पार्टियों ने भारत बंद का समर्थन किया है। अखिल भारतीय बैंक अधिकारी परिसंघ (AIBOC) से भी भारत बंद को समर्थन मिला है। वहीं, सरकार ने किसानों से अपील की है कि वे आंदोलन छोड़कर बातचीत का रास्ता अपनाएं। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि सरकार किसानों की आपत्तियों पर विचार करने के लिए तैयार है।

गुरुग्राम हाइवे पर भी कई किलोमीटर तक गाड़ियों की लंबी कतार लगी है। इसके अलावा किसानों ने गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों ने NH-9 और NH-24 पूरी तरह से जाम कर दिया है। दिल्ली-अमृतसर नैशनल हाइवे पर यातायात सेवा ठप्प है। इस बंद को कई राजनीतिक दलों ने भी समर्थन दिया है। किसान संगठनों द्वारा यह बंद सोमवार सुबह 6 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक के लिए किया गया है। वहीं ताजा जानकारी के अनुसार किसानों ने गाजीपुर बॉर्डर पर NH-9, NH-24 को जाम कर दिया है।

रेलवे ने लगभग 18 से अधिक ट्रेनों को रद्द किया
किसानों के बंद भारत के चलते रेलवे ने लगभग 18 से अधिक ट्रेनों को रद्द किया गया है। फिरोजपुर से लुधियाना, जालंधर, भटिंडा और अमृतसर से पठानकोट-जालंधर  जाने वाली ट्रेनों को रद्द किया गया है। इसके अलावा अमृतसर से फाजिल्का को जाने वाली सभी ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।

25 से अधिक ट्रेनें प्रभावित
उत्तर रेलवे ने जानकारी देते हुए कहा है कि दिल्ली, अंबाला और फिरोजपुर मंडलों में रेल परिचालन प्रभावित है क्योंकि किसान रेल की पटरियों पर बैठे हैं। दिल्ली संभाग में 20 से ज्यादा जगहों पर जाम है। अंबाला और फिरोजपुर मंडल में करीब 25 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं।

नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया अलर्ट
नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने जानकारी दी है कि भारत बंद के कारण दिल्ली-गाजीपुर की तरफ से आने-जाने वाले दोनों मार्गों को यातायात के लिए प्रतिबंधित किया गया है। गाजियाबाद की ओर से दिल्ली जाने वाले वाहन गौतमबुद्धनगर से होकर अपने गंतव्य को जा सकेंगे। हेल्पलाइन के लिए लोग 0-9971009001 पर कॉल कर सकते हैं।

UP में किसानों ने चक्का जाम किया
कृषि कानूनों के विरोध में UP, हरियाणा, पंजाब और दूसरे राज्यों के किसान 10 महीने से धरना दे रहे हैं। कई जगहों पर व्यापारी वर्ग, वकीलों और छात्र भी किसानों के भारत बंद का समर्थन कर रहे हैं। वेस्ट यूपी के 27 जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। आज अगर आप हाईवे पर निकलने की तैयारी में हैं, तो जरा संभलकर निकलें। सभी मुख्य मार्गों और हाईवे पर किसानों ने चक्का जाम किया है।

हरियाणा में भारत बंद के चलते स्कूल बंद
भारत बंद के चलते हरियाणा में भी नेशनल और स्टेट हाईवे बंद हैं। स्कूलों ने बच्चों की छुटि्टयां कर दी हैं। वहीं हाईकोर्ट ने फिजिकल सुनवाई पर रोक लगा दी है। CM मनोहर लाल ने कहा कि लोकतंत्र है। किसान आंदोलन करें, लेकिन मेरी अपील है कि शांतिपूर्वक करें। किसी को जबरदस्ती बंद करने के लिए न कहें। लोकतंत्र में सभी को अपनी व्यवस्था के तहत काम करने का अधिकार है। प्रदेश में सुरक्षा चाक चौबंद है। पूरी व्यवस्था बनी रहेगी

बिहार में वैशाली और आरा में सड़क पर उतरे RJD कार्यकर्ता
बिहार में लेफ्ट के साथ-साथ महागठबंधन की पार्टियां राजद और कांग्रेस भी भारत बंद को समर्थन दे रही हैं। इसमें बिहार से जुड़े सवालों को भी महागठबंधन ने जोड़ा है। जैसे कि रोजगार के वादे का सवाल, योजनाओं में घोटाले का सवाल, जाति जनगणना का सवाल आदि। आज सुबह से ही राजद, कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियों के कार्यकर्ता सड़क पर उतर गए हैं। आंदोलनकारी यातायात को बाधित कर रहे हैं।

पंजाब में भारत बंद का बड़े पैमाने पर असर
पंजाब के लुधियाना में लाडोवाल टोल प्लाजा और MBD मॉल फिरोजपुर रोड पर किसान लगातार धरना दे रहे हैं। सोमवार को इन मार्गों को सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक बंद रखा जाएगा। स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी बंद हैं। एग्जाम ऑनलाइन होंगे और टीचर वर्क फ्राम होम करेंगे। कई स्कूलों ने परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। किसानों के समर्थन में टैक्सी सेवा भी बंद हैं। बस स्टैंड बंद है और पेट्रोल पंप भी बंद हैं।

जयपुर में भारत बंद के समर्थन में रैली
राजस्थान में कांग्रेस ने आज के भारत बंद को अपना समर्थन दिया है। राजस्थान PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा है कि आज भारत बंद को कांग्रेस पूरा समर्थन करती है। राजस्थान में संयुक्त किसान-मजदूर जन मोर्चा ने बंद की घोषणा करते हुए सभी व्यापारियों, व्यापारिक संगठनों और आम जनता से बंद को सफल बनाने की अपील की है। जयपुर में गवर्नमेंट हॉस्टल पर शहीद स्मारक से किसानों, मजदूरों, छात्रों, युवाओं और महिला सामाजिक संगठनों रैली निकाली है।

Adv from Sponsors