छत्तीसगढ़ के महासमुंद में एक महिला ने अपनी 5 बेटियों के साथ बुधवार देर रात ट्रेन के सामने कूदकर खुदकुशी कर ली। सभी के शव गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक पर 50 मीटर दूर तक बिखरे पड़े मिले हैं। मरने वाले सभी बच्चों की उम्र 10 से 18 साल के बीच है। बताया जा रहा है कि शराबी पति से विवाद होने के बाद महिला ने ऐसा कदम उठाया।

पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। सूत्रों के मुताबिक पारिवारिक विवाद के बाद महिला कल रात अपनी बेटियों के साथ घर से निकल गई थी, लेकिन उसके पति ने पुलिस को सूचित नहीं किया और अपने रिश्तेदार के घर उनकी तलाश कर रहा था. गुरुवार की सुबह किसी ने शवों को ट्रैक पर देखा और पुलिस को सूचित किया।

बेमचा निवासी महिला उमा साहू (45) का पति केजराम शराब पीने का आदी है। वह बुधवार शाम को भी शराब पीकर घर पहुंचा तो पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। बात इतनी ज्यादा बढ़ गई कि उमा शाम करीब 7.30 बजे अपनी पांचों बेटियों अन्नपूर्णां साहू (18), यशोदा साहू (16), भूमिका (14), कुमकुम (12) और तुलसी (10) को लेकर घर से निकल गई। इसके बाद से उनका कुछ पता नहीं था। बताया जा रहा है कि रात करीब 9-9.30 बजे के बीच लिंक एक्सप्रेस के सामने सभी ने एक साथ कूदकर जान दे दी।

पुलिस का कहना है कि घटना देर रात हुई होगी। महिला और तीन लड़कियों के शव थोड़ी दूरी पर। जबकि दो अन्य लड़कियों के शव ट्रैक पर आगे पड़े मिले हैं।

Adv from Sponsors