मध्य प्रदेश के गुना से भारतीय जनता पार्टी के विधायक गोपीलाल जाटव के पोते और भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा का नेता विवेक जाटव का एक वीडियो वायरल हो रहा है। बीजेपी विधायक पोता अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर एक लड़की के घर पर हमला करता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो में आरोपी विवेक जाटव कई बार तलवार लेकर घर के दरवाज़े पर हमला करता हुआ भी दिखाई दे रहा है। लेकिन उसकी ये साड़ी हरकत एक सीसीटीवी में क़ैद हो गई है, जिसके बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

युवा मोर्चा के नेता पर एक लड़की के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा है। लड़की ने थाने में जो शिकायत दर्ज कराई है उसके मुताबिक विवेक जाटव उसे पिछले डेढ़ साल से परेशान कर रहा है। इतना ही नहीं उसे विवेक ने उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी है। लड़की का कहना है कि विवेक उसका रास्ता रोक लेता है और जबरदस्ती फोन पर बात करने के लिए कहता है। विवेक धौंस दिखाता है और कहता है कि मैं राजा हूं मेरा कोई कुछ नहीं कर सकता।

लड़की के दिए गए बयान के मुताबिक वह लड़का पिछले डेढ़ साल से उसे परेशान कर रहा है। बीते रोज विवेक उस लड़की के घर तलवार लेकर आया और उसके परिवारवालों को जान से मारने की धमकी दी और लड़की पर एसिड अटैक करने की बात कही। लड़की का कहना है कि पुलिस ने मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। वहीं पुलिस ने लड़की के आरोप को खरिज करते हुए कहा कि मामले की जांच की जाएगी।

वहीँ वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी विधायक ने पोते के इस करतूत पर अपनी सफाई भी दी है। बीजेपी विधायक का कहना है कि उन्हें इस मामले की जानकारी तीन -दिन पहले ही मिली थी। महिला या लड़की द्वारा किसी पर आरोप लगाया जाता है तो उसकी सुनवाई की जाती है। वीडियो फुटेज देखकर लगता है कि आरोप को झुठलाया नहीं जा सकता।लड़की के घरवालों से बातचीत की है। विवेक से बात नहीं हो पाई है।बता दें कि गोपीलाल जाटवछठी बार विधायक बने हैं। इस बार उन्होंने अशोकनगर से चुनाव में जीत हासिल की।

Adv from Sponsors