भोपाल। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग के एक बयान को लेकर कांग्रेसी फिर नाराज हो गए हैं। उन्होंने इस बयान को धार्मिक आस्थाओं पर आघात और नारी जाति का अपमान बताया है। कांग्रेस ने इस बयान के लिए सारंग को माफी मांगने और मुख्यमंत्री से सारंग को तत्काल मंत्रिमंडल से बाहर करने की मांग लहराई है।

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने सारंग द्वारा शुक्रवार को दिए गए बयान को बेहद आपत्तिजनक व निंदनीय बताते हुए कहा कि इसके लिए भाजपा नेतृत्व को माफी मांगना चाहिए और उन्हें तत्काल मंत्रिमंडल से बाहर करना चाहिए क्योंकि उन्होंने इस बयान से ना सिर्फ नारी जगत का अपमान किया है बल्कि मैहर की सुप्रसिद्ध मां शारदा माता के मंदिर के दर्शन का भी मज़ाक़ उड़ाया है।

सलूजा ने बताया कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ शुक्रवार को सतना जिले के मैहर में स्थित प्रसिद्ध मां शारदा माता के मंदिर में प्रदेश के नागरिकों की खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करने के लिए गए थे। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने बेहद आपत्तिजनक शब्दों का उपयोग करते हुए कहा कि कमलनाथ अभी तक 10 जनपद की देवी की दहलीज पर जाते थे।

इस बयान से ना उन्होंने सम्पूर्ण नारी जाति का अपमान किया है साथ ही उन भारतीय परंपराओं का भी अपमान किया है, जिसमें नारी को देवी का दर्जा देकर पूजा जाता है, नारी का सम्मान किया जाता है। ऐसा बयान देकर उन्होंने मां शारदा माता मंदिर के दर्शन का भी मजाक उड़ाया है। सलूजा ने कहा कि भाजपा नेता खुद को धर्म का ठेकेदार समझते हैं, धर्म का रक्षक समझते हैं लेकिन उनकी वास्तविक सोच का पता इस बयान से चलता है कि किस प्रकार वे धार्मिक परंपराओं व मान्यताओं का मजाक उड़ाते हैं।

Adv from Sponsors