दुनिया भर में कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या 50 लाख को पार कर गई है। रॉयटर्स के विश्लेषण के मुताबिक, कोविड से मौतों की संख्या के 25 लाख पहुंचने में एक साल का समय लगा, जबकि अगली 25 लाख मौतें 236 दिन में हुईं।

कोरोना की सबसे ज्यादा मार अमेरिका पर पड़ी है। यहां कोविड से मरने वालों की संख्या 7 लाख से ज्यादा हो गई है। जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के अनुसार, US में 108 दिन पहले यह आंकड़ा 6 लाख पहुंचा था। कोविड के डेल्टा वैरिएंट की वजह से अमेरिका में एक बार फिर से हालात बिगड़े हैं। कोरोना संक्रमितों, अस्पताल में भर्ती होने वालों और मृतकों की संख्या बढ़ी है। वैक्सीन न लगवाने वालों को भी इस हालात के लिए जिम्मेदार बताया जा रहा है।

अमेरिका में मृतकों का आंकड़ा छह लाख से सात लाख पहुंचने में महज 3.5 महीने का समय लगा है। हालांकि, वैक्सिनेशन बढ़ने के साथ अब स्थिति नियंत्रण में आती दिख रही है। जहां सितंबर की शुरुआत में अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या 93 हजार तक पहुंच गई थी, वहीं अब यह आंकड़ा 75 हजार पर आ गया है। संक्रमितों का औसत आंकड़ा भी प्रतिदिन 1,12,000 पर है। पिछले ढाई हफ्ते में संक्रमितों की संख्या में यह लगभग एक तिहाई की गिरावट है।

 

Adv from Sponsors