कल मैं टीवी पर कुछ देख रहा था कि अचानक एक शीर्षक उभरा, लास्ट एपिसोड। टीवी या ओटीटी पर तो पता रहता है कि लास्ट एपिसोड कौन सा है… लेकिन असल जिंदगी में यह कभी पता नहीं चलता कि जिंदगी का लास्ट एपिसोड किस घंटे, किस घड़ी और किस सेकंड पर सामने आकर खड़ा हो जाएगा।

जीवन के लास्ट एपिसोड के बाद कुछ नजदीकी मित्र, कुछ प्रशंसक श्मशान या कब्रिस्तान तक साथ जाएंगे, लेकिन वहां भी वह घड़ी देखते रहेंगे कि कैसे शरीर भस्म हो या दफन हो। इसके बाद अपने काम में व्यस्त होने के लिए तेजी से चले जाएंगे। बहुत से लोग तो चिता शांत होने तक या कब्र की पूरी मिट्टी भरने तक की प्रतीक्षा नहीं करते। श्मशान या कब्रिस्तान से बाहर निकलते ही रेडियो पर गाने सुने जाते हैं ताकि मन श्मशान और कब्रिस्तान की बोझिलता से हट सके।

घर के लोग और रिश्तेदार भी 24 घंटे तक बातें करेंगे कि जाने वाला ऐसा था या जाने वाला वैसा था। इनमें बहुत सारे लोग गुणों के बारे में और कई सारे लोग कर्मों के बारे में भी बातें करेंगे। तीसरे दिन से बातें भी बंद हो जाती हैं और मृत्यु के बाद के समारोह की तैयारी शुरू हो जाती है। और यह समारोह एक शक्ति प्रदर्शन का समारोह बन जाता है। लोग आते हैं, खाना खाते हैं और खाने के स्वाद के बारे में बात करते हुए चले जाते हैं। कोई नहीं सोचता कि जिस परिवार का व्यक्ति चला गया है उसके पास इस अचानक आए हुए खर्च के लिए पैसे हैं भी या नहीं।

लोग शादी समारोह में जाते हैं और एक लिफाफे में ₹100, ₹500 या ₹1100 रुपए का लिफाफा दूल्हा-दुल्हन को थमा कर चले आते हैं। लेकिन कोई यह नहीं सोचता कि अस्पताल में कोई व्यक्ति पड़ा है, उसके घर वाले उसके इलाज के खर्च की किस तरीके से व्यवस्था कर रहे होंगे। न कोई वहां लिफाफा देता है ताकि बीमार व्यक्ति के परिवार की मदद हो और न मृत्यु के बाद होने वाले समारोह के खर्चे में, जो अचानक आ जाता है, कोई मदद करता है।

व्यक्ति के जीवन का लास्ट एपिसोड जब खत्म होता है तो उसके परिवार में संपत्ति के बंटवारे का एक नया अध्याय शुरू हो जाता है। कानून का अध्ययन शुरू होता है, वकीलों से सलाह ली जाती है ताकि परिवार के हर व्यक्ति को उसे संपत्ति में से हिस्सा मिल सके, जो उसने नहीं कमाया है।

जिस व्यक्ति का लास्ट एपिसोड खत्म होता है वह व्यक्ति कैसे इस दुनिया से गया, उसके क्या दुख थे, क्या संघर्ष थे और किन चीजों को उसने खामोश रहकर झेला था, इसे कोई जानना नहीं चाहता। और जान भी ले तो कोई मदद नहीं करना चाहता, कोई साथ नहीं खड़ा होना चाहता।

यह कहानी साधारण व्यक्ति की नहीं है, क्योंकि उसकी यह जिंदगी तो किसी गिनती में आती ही नहीं है। वे जिनके नाम हैं, जिन्होंने हजारों-करोड़ के प्रतिष्ठान अपनी मेहनत से खड़े किए, उनकी भी है। ऐसे बड़े पैसे वाले जिन्होंने जीवन में सम्मान ही सम्मान कमाए और अपना व्यापार खड़ा किया, उनके जीवन के लास्ट एपिसोड के बाद उनके परिवार में पत्नी और बच्चे अपना पूरा समय उनकी आलोचना में बिताते हैं कि अगर इन्होंने ऐसा किया होता तो इतना पैसा और आ जाता, या फिर इन्होंने इतना पैसा बर्बाद किया। उसकी हर चीज की आलोचना होती है।

अपना लास्ट एपिसोड खत्म होने वाला व्यक्ति देखने नहीं आता कि कैसे उसका नाम परिवार के इतिहास से ही उसके खुद के अपने लोग शून्य कर देते हैं। उसे तो यह भी पता नहीं कि कौन शोक प्रकट करने आया और कौन नहीं।

इसलिए अपने जीवन का लास्ट एपिसोड आने से पहले हर एक को अपने दोस्तों से बात करनी चाहिए और एक बार सभी से मिलकर हंसते-मुस्कुराते लास्ट एपिसोड के बाद होने वाले मृत्यु समारोह का खुद ही मजा लेना चाहिए। जीवन का लास्ट एपिसोड जब भी आए उसके लिए तैयार रहना चाहिए। आज तो यही पता नहीं कि किस उम्र में लास्ट एपिसोड आ जाएगा।

इसलिए किसी भी उम्र का व्यक्ति हो—18 साल से लेकर 80 साल तक—हमेशा अपने लास्ट एपिसोड के लिए तैयार रहना चाहिए। व्यक्ति के हाथ में खुशियां बांटने का वरदान नहीं है, लेकिन वह एक काम कर सकता है, वह अपनी मुस्कुराहट बांट सकता है। आप चाहे घर में रहिए या घर के बाहर रहिए, जब याद आए तब मुस्कुराइए। आप जब सड़क मुस्कुराते हुए क्रॉस करते हैं और कोई आपसे कहता है कि आपकी मुस्कुराहट बहुत खूबसूरत है, तब आपको लगेगा कि आपने जीवन में कितना महत्वपूर्ण काम किया है, जिसका उपहार और जिसकी प्रशंसा एक अनजान व्यक्ति ने की है। क्योंकि आपकी मुस्कुराहट देखकर सामने वाला भी मुस्कुराएगा।

आपके जीवन के लास्ट एपिसोड के बाद भी लोग आपको और किसी बात के लिए याद रखें या न रखें, आपकी मुस्कुराहट के लिए जरूर याद रखेंगे। जीवन ऐसा ही होना चाहिए कि लास्ट एपिसोड के बाद भी लोग उस जीवन को याद करें कि जाने वाले के जीवन में भले ही कितनी कमियां रही हों, लेकिन एक चीज की कमी नहीं थी और वह थी मुस्कुराहट।

लास्ट एपिसोड के बाद अगर लोगों को आपकी मुस्कुराहट याद रह गई तो वह जीवन या जीवन का पूरा चित्र प्रभावी और पूर्ण माना जाएगा।

लास्ट एपिसोड के लिए हमेशा तैयार रहिए।

Adv from Sponsors