देश की राजधानी दिल्ली में पिछली रात अपराध की एक बड़ी घटना को अंजाम दिया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत पीआर. कुमारमंगलम की पत्नी किट्टी कुमारमंगलम की उनके घर में ही हत्या कर दी गई है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि 67 साल की किट्टी कुमारमंगलम की घर के अंदर लूट की नीयत से घुसे बदमाशों ने हत्या कर दी। वह वसंत विहार स्थित अपने आवास में दूसरी मंजिल पर रहती थीं। किट्टी के पति पी रंगराजन कुमारमंगलम, अटल सरकार में मंत्री थे। उनकी मौत कैंसर से हो गई थी।
पुलिस के मुताबिक, उनके घर की देखभाल करने वाली महिला ने बताया कि लाउंड्रीमैन बीती रात करीब 8.30 बजे उनके घर आया था। उसके साथ दो अन्य लोग भी थे। उन्होंने महिला को बांध दिया और किट्टी कुमारमंगलम की हत्या कर दी। लाउंड्रीमैन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि रात करीब 11 बजे हमें सूचना मिली। जिसके बाद टीमें बनाई गईं। नौकरानी के बयान के बाद पुलिस ने रात में ही धोबी जिसका नाम राजू है, उसे गिरफ्तार कर लिया। 24 साल का राजू वसंत विहार के ही भंवर सिंह कैंप में रहता है। वारदात में शामिल बाकी दो आरोपियों की भी पहचान हो गई है, जिनकी तलाश जारी है।
नरसिम्हा राव और वाजपेयी सरकार में मंत्री थे कुमारमंगलम
पी रंगराजन कुमारमंगलम कांग्रेस के बड़े नेता थे, जिन्होंने बाद में भाजपा जॉइन कर ली थी। वह तमिलनाडु की सलेम लोकसभा सीट से 1984 से 1996 तक और तिरुचिरापल्ली लोकसभा सीट से 1998 से 2000 तक सांसद रहे।













