भोपाल।   चुनाव आयोग द्वारा बिहार चुनाव के साथ ही मप्र में
उपचुनाव करने का फरमान सुना दिया है। यहां होने वाली २७ विधानसभा सीट पर होने वाले चुनाव के लिए मशक्कत का दौर शुरू हो गया है। जहां कांग्रेस फिलहाल अपने प्रतायशियों के नाम को अंतिम रूप देने की माथापच्ची में लगी हुई है, वहीं भाजपा ने जीत का लक्ष्य तय कर अपनी कोशिशों को दम देना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को राजधानी की समीपस्थ सांची विधानसभा में कार्यक्रमों की भरमार रही। जिसमें केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते से लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तक सक्रिय दिखाई दिए। क्षेत्र के विधायक और मंत्री डॉ प्रभु राम चौधरी के कोरोना पीड़ित होने से कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए, उनका प्रतिनिधित्व उनके बेटे रौनक चौधरी और पर्व चौधरी ने शिरकत की।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को रायसेन जिले की सांची विधानसभा में पागनेश्वर पहुंचे। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और किसानों से संवाद किया। इस मौके पर क्षेत्र के विधायक और मंत्री डॉ प्रभु राम चौधरी के पुत्र रौनक चौधरी अपने पिता के प्रतिनिधि के रूप में मौजूद थे। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री डॉ गौरीशंकर शेजवार, रामपाल सिंह आदि भी मौजूद थे। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आमखेड़ा, सांची के स्थानीय कार्यक्रम में शामिल हुए।

उन्होंने यहां बारिश से नुकसान हुई फसलों का निरीक्षण किया और किसानों से संवाद किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने बुढ़ागंज गैरतगंज, बुदनी विधानसभा के नसरुल्लागंज के बाढ़ग्रस्त गांवों में पहुंचे। उन्होंने चोरसाखेड़ी, रानीपुरा, धौलपुर गांवों में बाढ़ से हुए नुकसान का अवलोकन भी किया।

गढ़ी में हुआ जनजातीय सम्मेलन
केंद्रीय राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते की मौजूदगी में सांची विधानसभा के गढ़ी तहसील में जनजातीय सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री
रामपाल सिंह, रौनक चौधरी
पर्व चौधरी भी मौजूद थे। इस दौरान कुलस्ते ने कहा कि कांग्रेस ने देश से लेकर मप्र तक की जनता को हमेशा छला है। आदिवासियों पर अपना अधिकार जताने वाली इस पार्टी ने कभी इं पिछड़े लोगों को मुख्यधारा में लाने का प्रयास नहीं किया। कुलस्ते ने कहा कि भाजपा ने हमेशा वह किया है, जो उसने कहा। उन्होंने प्रदेश में होने वाले उप चुनाव में जनता को एक बार फिर दिखाना है कि उनकी आस्था और विश्वास सिर्फ भाजपा ही कर सकती है।

किसने क्या कहा
सबके साथ, सबके विकास का नारा भाजपा ने सच करके दिखाया है। जन के मन को समझकर हमेशा सबके लिए बेहतर करने का प्रयास किया और आगे भी करती रहेगी।
फग्गन सिंह कुलस्ते,
केंद्रीय राज्य मंत्री

Corona काल न होता तो मैं अब तक हर क्षेत्र में कई चक्कर लगा चुका होता। जनता को किसी बात की फ़िक्र करने की जरूरत नहीं है, सबका बेटा, भाई, मामा अभी जिंदा है, किसी को परेशान नहीं होने देगा।
शिवराज सिंह चौहान,
मुख्यमंत्री

जनता जान चुकी है कि प्रदेश के विकास और सबकी चिंता करने का वादा सिर्फ भाजपा ही पूरा कर सकती है।
रामपाल सिंह, पूर्व मंत्री

खान आशु

Adv from Sponsors