पंजाब में कांग्रेस के दलित कार्ड पर बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पंजाब के दलितों के साथ धोखा किया है। कुछ समय के लिए ही चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाया गया है। कांग्रेस पंजाब चुनाव गैर दलित की अगुआई में लड़ने जा रही है। पंजाब के दलितों को कांग्रेस से दूर रहना चाहिए।

मायावती ने कहा कि यूपी में 2022 का चुनाव नजदीक देख भाजपा ओबीसी के प्रति प्रेम दिखा रही है।  अगर उनको सही में इन जातियों से प्रेम होता तो एससी एसटी और ओबीसी के बैकलॉग पद ख़ाली न रहते। और भाजपा को ओबीसी जाति जनगणना को अब तक स्वीकार कर लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि काठ की हांडी बार-बार चढ़ने वाली नहीं है। केवल वोट की खातिर ओबीसी और दलित को लुभाया जा रहा है। भाजपा कांग्रेस के बहकावे में ये दोनो जातियां आने वाली नहीं है।

चन्नी के साथ ही सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओपी सोनी ने भी मंत्रीपद की शपथ ली है और इन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी इस समारोह में शामिल होने के लिए राजभवन पहुंचे लेकिन तब तक चन्नी शपथ ले चुके थे।

Adv from Sponsors