अजय बोकिल

देश की सर्वोच्च अदालत  ने अपनी अवमानना के आरोप में जाने-माने वकील और एक्टिविस्ट प्रशांत भूषण पर एक रूपए का जो जुर्माना लगाया, उसकी  सोशल मीडिया पर अलग-अलग ढंग से व्याख्या  हो रही है। कोई इसे अभूतपूर्व और सबक सिखाने वाला फैसला मान रहा है तो कोई इसे प्रशांत भूषण की नैतिक जीत बता रहा है। कुछेक ने इसे सबसे बड़े न्यायपीठ की खुद की कीमत आंकने के आईने में देखा। अभिनेता प्रकाश राज ने कहा कि 1 रूपया और इज्जत..किसने क्या खोया? मगर इतना तय है कि सुप्रीम कोर्ट ने इस निर्णय के जरिए उस बेचारे रूपए को फिर पुरानी इज्जत बख्श  दी है, व्यवहार में जिसका लेन-देन अब ज्यादा अहमियत नहीं रखता। उल्टे अगर कोई रूपए का सिक्का दे दे या लौटा दे तो इंसान उसकी ईमानदारी भी सिक्कों में तौलने लगता है।  वो भी जमाना था, जब 1 रूपया भी तगड़ी हैसियत रखता था। वह बरसों तक ‘शगुन’ का प्रतीक रहा है और चवन्नी साथ में जुड़ जाने पर तो वह भगवान का भी फेवरेट हो जाता था। सालों तक सवा रूपए का प्रसाद देवताओं की समाज- आर्थिकी में एक ही सूचकांक पर डटा रहा। गौरतलब बात यह है कि मात्र 1 रूपए जुर्माने की सजा सुनाने के लिए भी सुप्रीम कोर्ट को एक हफ्ते तक सोचना-समझना पड़ा। वरना हजारों-लाखों के रू. के जुर्माने तो अदालतें सम्बन्धित कानून की धाराओं के तहत मिनटों में सुनाती आई हैं। लेकिन 1 रूपए का फैसला तो एक रूपए का है। जिसमें सभी की इज्जत, आबरू, ईमान और ईर्ष्या भी समाई हुई है। यह कुछ-कुछ वैसा ही है कि जैसे कश्मीरी मीठे सेब के साथ असम की जोलकिया मिर्च ( दुनिया की सबसे तीखी मिर्च) एक ही प्लेट में परोस दी जाए।

बहरहाल ताजा खबर यह है कि प्रशांत भूषण ने यह जुर्माना भरने का ऐलान कर दिया है, क्योंकि ऐसा न करने पर तीन साल की जेल और उनकी वकालत की प्रेक्टिस पर तीन साल की  रोक लग सकती है। प्रशांत भी 1 रूपए की खातिर लाखों रूपए की प्रैक्टिस को तिलांजलि नहीं दे सकते। वैसे उनका अभी भी मानना है ‍कि वो सही थे, कोर्ट की आलोचना, उसकी अवमानना नहीं है। बहरहाल प्रशांत भूषण ने सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों को लेकर जो ट्वीट किए थे, वो कितने अवमाननास्पद थे, कितने सच थे, उससे अभिव्यक्ति की स्वंतत्रता की कितनी रक्षा हुई, क्या अवमानना का अधिकार एकतरफा है और यदि अवमानना हुई है तो उसे पीकर आरोपी को अभयदान देना ही न्याय है? या फिर अपमानकर्ता को सबक सिखाना भी न्याय की ही दरकार है ? इन तमाम जटिल सवालों को अलग रखें तो इतना तो समझा ही जा सकता है कि इस 1 रूपए के इंसाफ में पूरी दुनिया का न्याय शास्त्र, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र और सामाजिक मनोविज्ञान भी सिमट आया है।

रूपया हमारे लोक मानस में सदियों से पैठा है। यूं तो इस देश आदि काल से ही कोई न कोई मुद्रा चलन में रही है। उनके नाम भी राजवंशों के साथ बदलते रहे। लेकिन रूपए को ‘रूपए’ की हैसियत पहली बार उस बादशाह ने बख्शी , जिसने मुगल शासक हुमायूं को हराकर दिल्ली के तख्त पर राज किया। नाम था शेरशाह सूरी। अपने महज पांच साल के शासनकाल में उसने कई बुनियादी  बदलाव किए। उसने पहली बार सन् 1542 में उसने चांदी की मुद्रा ‘रूपया’ चलाई। जिसे पैसों में विभाजित किया गया। ‘रूपया’ संस्कृत के ‘रौप्य’ शब्द का अपभ्रंश है, जिसका अर्थ ही चांदी है। खास बात ये कि मुस्लिम शासन के उस दौर में भी मुद्रा के लिए संस्कृत शब्द को ही उपयोगी और सर्वमान्य माना गया। जिसे आज तक कोई बदल नहीं सका है। यही ‘रूपया’ आज भारत के अलावा,  पाकिस्तान, भूटान, नेपाल और श्रीलंका से लेकर इंडोनेशिया  तक मान्य है। बाद में अंगरेजों ने भी रूपए को ही जारी रखा। फर्क इतना है कि तब यह सिक्के के रूप में ज्यादा चलता था, अब कागज के नोट व सिक्के दोनो रूपों में मान्य है। यही एक मात्र नोट है, जिसे भारत सरकार छापती है और इस पर भारत

वैसे भारत में 1 रूपए का नोट भी 103 साल का हो चुका है। देश में पहला 1 रू. का कागज पर छपा नोट ब्रिटिश राज में 30 नवंबर 1917 को जारी किया गया था। चूं‍कि उसके पहले रूपया केवल सिक्के के रूप में ही प्रचलन में था, इसीलिए सिक्कों की वो खनक, जैसी हमारे लोकमानस में बसी है, उसकी वैसी जगह ‘करकरे नोट’ आज भी नहीं ले पाए हैं।

यहां सवाल पूछा जा सकता है कि 1 रूपए में ऐसा क्या है, जो लाख रूपयों में भी नहीं है? क्यों अदद 1 रूपया सब पर भारी है? इसके कई जवाब हो सकते हैं। मसलन सदियों तक 1 रू. का ‍सीक्का चांदी का ही बना होता था, जो अपने आप में कीमती धातु है। रूपए में ‘रौप्य’ का जो रौब है, वही उसकी हैसियत भी गढ़ता रहा है। इस चांदी के 1 रूपए की कीमत कितनी ज्यादा थी, इसे इसी बात से समझा जा सकता है कि आजादी के समय हमारा 1 रूपया अमेरिका के 1 डाॅलर के बराबर हुआ करता था। जिसे बाद में अवमूल्यित किया गया।

तात्पर्य यह कि इसी 1 रूपए ने हमारे दिलों पर भी बरसों राज किया है। इसीलिए शादी-ब्याह में ‘शगुन’ के रूप में 1 रूपया देने का चलन बरसों चला। हमारे बचपन में भी पाॅकेट मनी के रूप में 1 रूपया मिल जाना आकाश छू लेने की खुशी देता था। मंदिरों में सवा रूपए का प्रसाद चढ़ाना या मन्नत मानना भगवान को भी कभी नहीं अखरा। वो इतने चढ़ावे में ही भक्तों पर कृपा बरसाते रहे।

इस 1 रूपए की घुसपैठ हमारे आर्थिक व्यवहारों के साथ सामाजिक आचार और मुहावरों तक में गहरे है। मसलन ‘आमदनी अठन्नी, खर्चा (एक) रूपैया’ जैसा मुहावरा जब भी गढ़ा गया हो, उसमें वर्तमान अर्थव्यवस्था का अक्स भी साफ देखा जा सकता है। इसी तरह ‘रूपए बरसना’ या ‘रूपया पानी की तरह बहाना’ किसी भी सत्तारूढ़ दल की आर्थिक सेहत से आईडें‍टीफाई किया जा सकता है।

गहराई से समझें तो 1 रूपया हमारे सभ्यता और संस्कृति का भी निचोड़ है। क्योंकि वही जीने की चाहत और मरणोपरांत इच्छा का परिचायक भी है।  कई बड़े दिल वाले लोग 1 रूपया मेहनताना लेकर जहां अपने कद का अहसास‍ दिलाते हैं, वहीं 1 रूपए में निहित दौलत के हिमालय को भी रोशन करते हैं।

Adv from Sponsors